पुराने न्यायालय परिसर से नवीन न्यायालय परिसर में बिना पर्याप्त आधारभूत सुविधाओं के न्यायालयों का संचालन शुरू किए जाने के विरोध में डीग के अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष सुबोध पाराशर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने नवीन न्यायालय परिसर में भूमि शुद्धि एवं सद्बुद्धि हवन किया। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ कराया गया और प्रसादी की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नए परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। अभिभाषक संघ डीग के जिला अध्यक्ष पाराशर ने बताया कि पुराने न्यायालय परिसर से नए परिसर में न्यायालयों को स्थानांतरित कर संचालन शुरू करने का निर्णय बिना आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था किए लिया गया है। नवीन परिसर में अधिवक्ताओं और पक्षकारों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा बिजली और पानी ,टायलेट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में न्यायालयों का संचालन शुरू करना अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना किसी विधिक प्रक्रिया अपनाए तीन दिन के अवकाश के दौरान न्यायालयों का सामान नवीन परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नए परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं किए बिना न्यायालयों का संचालन शुरू करना उचित नहीं है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक नवीन न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक सभी न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा।