इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) जयपुर के बैच 1998-2001 के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने बैच की सिल्वर जुबली पर री-यूनियन कार्यक्रम आयोजित किया। बनीपार्क स्थित आईएचएम जयपुर परिसर में हुए कार्यक्रम में देश-विदेश के अलग-अलग शहरों और देशों से 55 पूर्व विद्यार्थी पुराने साथियों से मिलने पहुंचे। 25 साल बाद एक-दूसरे से मिले बैचमेट्स के बीच कॉलेज के दिनों की यादें ताजा हुईं। सिल्वर जुबली पर आयोजित इस समारोह में बैच के पूर्व विद्यार्थियों के साथ आईएचएम जयपुर के पूर्व और वर्तमान शिक्षक भी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने टीचर्स से मुलाकात कर कॉलेज के दिनों को याद किया। लंबे समय बाद अपने साथियों को सामने देखकर कई पूर्व विद्यार्थी भावुक नजर आए। वहीं पुराने दोस्तों के साथ बातचीत और हंसी-मजाक ने समारोह को यादगार बना दिया। देश-विदेश से जयपुर पहुंचे पूर्व विद्यार्थी इस री-यूनियन कार्यक्रम में बैच के पूर्व विद्यार्थी देश के अलग-अलग शहरों के साथ-साथ विदेशों से भी जयपुर पहुंचे। विद्यार्थियों ने कहा- आईएचएम जयपुर से जुड़ी यादें आज भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसी जुड़ाव ने उन्हें सिल्वर जुबली के अवसर पर फिर एक साथ आने के लिए प्रेरित किया। टीचर्स से पुराने किस्से किए शेयर समारोह में शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों ने अपने प्रशिक्षण और कॉलेज के अनुभवों को याद किया। शिक्षकों ने भी अपने पूर्व विद्यार्थियों से मिलकर उनके पेशेवर सफर और उपलब्धियों के बारे में जाना। इस दौरान कई पुराने किस्से और यादें साझा की। इससे परिसर में एक बार फिर कॉलेज के दिनों जैसा माहौल नजर आया। कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शेफ गजराज सिंह और अमित डोगरा ने कहा- अब हम एक-दूसरे से विदा ले रहे हैं, लेकिन इस वादे के साथ की जल्द फिर मिलेंगे।