जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के जयपुर स्कूल ऑफ डिजाइन के कम्युनिकेशन डिजाइन कार्यक्रम के तीन विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी शोध और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विद्यार्थी तनीषा टांक, उन्नति गुप्ता और ख्याति अग्रवाल के डिजाइन रिसर्च प्रोजेक्ट्स का चयन इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डिजाइन एंड इनोवेशन स्टडीज (इंडिस 2026) में प्रस्तुति के लिए किया गया। विद्यार्थियों ने आईआईटी गुवाहाटी में आयोजित सम्मेलन में देश-विदेश से आए शिक्षाविदों, डिजाइन विशेषज्ञों और इंडस्ट्री प्रतिनिधियों के सामने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। इंडिस 2026 का आयोजन आईआईटी गुवाहाटी की ओर से किया गया। सम्मेलन में देश और विदेश के शोधार्थियों, डिजाइन विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, इंडस्ट्री लीडर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के दौरान डिजाइन, नवाचार, तकनीक, समाज और संस्कृति के बीच बदलते संबंधों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भविष्य के लिए टिकाऊ, समावेशी और डिजिटल माध्यमों से जुड़े डिजाइन समाधानों पर भी विचार साझा किए गए। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने शोध को व्यापक अकादमिक और पेशेवर समुदाय के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कम्युनिकेशन और प्रोडक्ट डिजाइन में प्रस्तुत किए शोध जेईसीआरसी के तीनों विद्यार्थियों के रिसर्च प्रोजेक्ट्स का चयन कम्युनिकेशन डिजाइन तथा प्रोडक्ट एवं इंडस्ट्रियल डिजाइन ट्रैक के तहत हुआ। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स की अवधारणा, शोध प्रक्रिया और डिजाइन समाधान को विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों और जूरी के सामने शोध कार्य प्रस्तुत करना विद्यार्थियों के लिए अकादमिक अनुभव के साथ-साथ पेशेवर स्तर पर भी महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। इस दौरान उन्हें डिजाइन के क्षेत्र में काम कर रहे विशेषज्ञों से विचार-विमर्श और प्रतिक्रिया हासिल करने का अवसर मिला। सम्मेलन में चयनित विद्यार्थियों के रिसर्च प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर की जूरी की समीक्षा के बाद इन प्रोजेक्ट्स को इंडिस डिजाइन प्रोजेक्ट्स हैंडबुक में भी शामिल किया गया। इससे विद्यार्थियों के शोध और रचनात्मक कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दस्तावेजीकृत होने का अवसर मिला। विद्यार्थियों को इस उपलब्धि तक पहुंचाने में जयपुर स्कूल ऑफ डिजाइन के फैकल्टी सदस्य प्रांजीत सरमा और चेतन जैन का मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने शोध प्रक्रिया, डिजाइन सोच और प्रोजेक्ट प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं पर काम किया। सम्मेलन में असम के शिक्षा मंत्री डॉ. रानोज पेगू की भी उपस्थिति रही। उनकी मौजूदगी ने आयोजन के अकादमिक महत्व को बढ़ाया। सम्मेलन में डिजाइन शिक्षा, नवाचार और रचनात्मक क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को लेकर विभिन्न सत्र और विचार-विमर्श भी आयोजित किए गए। इंडिस 2026 का एशिया डिजाइन वीक के साथ भी जुड़ाव रहा। इसके माध्यम से डिजाइन और रचनात्मक उद्योग से जुड़े लोगों को अपने विचार साझा करने और अलग-अलग संस्कृतियों तथा डिजाइन दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिला। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग और नए नेटवर्क विकसित करने की संभावनाएं भी सामने आईं।