कंटालिया समीपवर्ती कंटालिया के वार्ड 3 स्थित भाटियों की पोल एवं मेघवालों के मोहल्ले में दो वर्षों से जारी पेयजल किल्लत विकराल रूप ले चुकी है। दो महीनों से नलों से पानी की एक बूंद नहीं टपकी है, जिससे बस्ती के 200 लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने से उग्र ग्रामीणों और महिलाओं ने बुधवार शाम जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मटके फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल समस्या का समाधान नहीं निकाला, तो मोहल्ला पंचायती राज चुनावों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेगा। कंटालिया. पानी की समस्या को लेकर मटके फोड़ विरोध जताते ग्रामीण। टैंकर खरीदकर गुजारा करने को मजबूर गरीब परिवार : स्थानीय निवासी पेंटर भंवरलाल, राजूराम परिहार, मदनदास वैष्णव, जीताराम परिहार, मोहनलाल परिहार और हेमदास वैष्णव ने बताया कि दो वर्षों से जल संकट था, लेकिन दो महीनों से तो सप्लाई पूरी ठप है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद लोग मजबूरी में महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा कर रहे हैं। कई बार प्रशासन व पीएचईडी (जलदाय विभाग) के अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।