कासं | सवाईमाधोपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में बुधवार को स्थाई लोक अदालत के संबंध में आमजन एवं पेंशनर्स को जागरूक करने के उद्देश्य से पेंशनर्स विभाग, सवाई माधोपुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थाई लोक अदालत, सवाई माधोपुर की सदस्य जूली खंडेलवाल ने उपस्थित पेंशनर्स एवं विभागीय कार्मिकों को स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी। जूली खंडेलवाल ने बताया कि स्थाई लोक अदालत का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के समाधान के लिए आमजन को अनावश्यक रूप से लंबी न्यायिक प्रक्रिया से न गुजरना पड़े। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पेंशनर्स एवं विभागीय कार्मिकों ने स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। सदस्य जूली खंडेलवाल ने उनका सरल एवं विस्तृत रूप से समाधान किया। उन्होंने उपस्थितजनों को आपसी समझाइश एवं सुलह के माध्यम से विवाद समाप्त करने की जानकारी दी। उन्होंने न्यायालयों में लंबित विवाद कम करने की दिशा में लोक अदालत एवं वैकल्पिक विवाद समाधान व्यवस्था के महत्व से भी अवगत कराया। इस दौरान भारतीय जीवन बीमा निगम, सवाई माधोपुर के प्रभारी अधिकारी रामधन मीणा, आयुर्वेद विभाग, सवाई माधोपुर के सहायक निदेशक डॉ. पुरुषोत्तम गौतम एवं पोस्ट ऑफिस के डाकपाल जब्बर सिंह मीना ने भी अपने विभाग में संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। शिविर के अंत में उपस्थित पेंशनर्स एवं विभागीय कार्मिकों को स्थाई लोक अदालत से संबंधित जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान अधिकार मित्र मगनलाल मीणा, अधिवक्ता राजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।