बारां| युवा और नवमतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिलेभर के शिक्षण संस्थानों में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सोमवार को विद्यार्थियों को मतदान की प्रक्रिया से रूबरू कराया गया। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय मांगरोल में मॉक पोल आयोजित कर विद्यार्थियों को ईवीएम, वीवीपेट और मतदान की पूरी प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान केंद्र पर मतदाता के प्रवेश से लेकर पहचान सत्यापन, पसंद के प्रत्याशी के सामने बटन दबाने और वीवीपेट के माध्यम से मत की पुष्टि तक की प्रक्रिया समझाई गई। स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने बताया कि अंत में प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में कैंपस एंबेसडर हिमांशु चौधरी सहित प्रीतम, सैय्यद मोहम्मद नूरान, लक्ष्मी चौधरी व ईशू कुमारी का सहयोग रहा। इस दौरान ईएलसी प्रभारी डॉ. तनु राजपाल, मुकेश कुमार मीणा, दीपेश मीणा सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।