गुढाचन्द्रजी कस्बे के घटवासन देवी मंदिर पर सोमवार को राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड संघ नादौती की ओर से पांच दिवसीय आवासीय द्वितीय-तृतीय सोपान व राज्य पुरुष्कार शिविर शुरू हुआ। शिविर में 41 राज्य पुरुष्कार, 60 स्काउट-गाइडों ने भाग लिया। शिविर का शुभारंभ मां घटवासन धाम मानव विकास हितकारी समिति के अध्यक्ष व प्रधानाचार्य रामहिर मीना भोपुर ने ध्वजा रोहण कर किया। उन्होंने कहा कि जीवन जीने के लिए पढ़ाई के साथ बाहरी ज्ञान जरूरी है। इसके बिना ज्ञान अधूरा रहता है। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य छात्र जीवन में नैतिक गुण, संस्कार, समर्पित भाव, सेवा, अनुशासन पैदा करना है। स्काउट-गाइड का काम परहित करना है। आपात स्थिति में लोगों की मदद करना है। आपदा में लोगों को किस तरह मदद कर बचाना है, इसकी जानकारी शिविर में दी गई। इससे पहले अतिथि का माला पहनाकर स्वागत किया गया। शिविर प्रभारी प्रकाश चंद मीना ने कहा कि स्काउट-गाइड समाज के बीच रहकर सामाजिक सेवा करते हैं। राष्ट्र सेवा करते हैं। उन्होंने स्काउट-गाइडों से मन लगाकर प्रशिक्षण लेने की अपील की। शिविर के पहले दिन ग्रुप पंजीकरण हुआ। आवास व्यवस्था हुई। टोलियों का गठन हुआ। ध्वज शिष्टाचार कराया गया। साफ-सफाई का कार्य हुआ। इस मौके पर स्काउट-गाइड संघ नादौती सचिव प्रकाश चंद मीना, रामेश्वर मीना, प्रकाश चंद बैरवा, मेघराम मीना, रमिला फौजदार, हंसराज मीना, मंदिर समिति के सचिव द्वारिका प्रसाद शर्मा, मुकेश मीना मौजूद रहे।