जूनिया| जाल का खेड़ा से गणेश जी की बड़ी तक सड़क का काम ग्रामीणों के लिए सुविधा की जगह परेशानी बन गया है। करीब 12 महीने पहले सड़क पर गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया। अब गिट्टी जगह-जगह उखड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। आसपास के खेतों में काम करने वालों को भी दिक्कत होती है। गांव के पास बनी सीसी सड़क की चौड़ाई पर भी सवाल उठे हैं। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क मानकों के अनुरूप नहीं है। सड़क के दोनों ओर पाथवे बनाने की मांग रखी। इससे पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। मार्ग में नहर पर बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त बताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार टूटी पुलिया से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। अभी नहर में पाइप रखकर अस्थायी व्यवस्था से आवागमन कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बांध भरने के बाद करीब दो महीने तक नहर चलती है। ऐसे में मजबूत, स्थायी पुलिया जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण की तुरंत जांच की मांग की है।