कासं|सवाईमाधोपुर भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले हाउसिंग बोर्ड के मतदाताओं ने पहली बार इतिहास रच दिया है। यहां निर्दलीयों ने भाजपा के गढ़ में सेंधमारी कर भाजपा के सभी तीनों उम्मीदवारों को धूल चटा दी। हाउसिंग बोर्ड के मतदाताओं ने तीनों निर्दलीयों पर भरोसा जताते हुए उनके समर्थन में जमकर मतदान किया और उनकी जीत सुनिश्चित की। भाजपा के गढ़ में भाजपा प्रत्याशियों की हार की लोगों में खासी चर्चा है और भाजपा खेमे में भी इसे लेकर खलबली मची हुई है। भाजपा ने हाउसिंग बोर्ड के वार्ड 20 से राजेन्द्र अग्रवाल, वार्ड 21 से सोनम परेता व वार्ड 22 से विकास लखवानी को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा को उम्मीद थी कि हाउसिंग बोर्ड भाजपा का गढ़ है,ऐसे में उसके तीनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और भाजपा के गढ़ में तीनों ही भाजपा के प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। हाउसिंग बोर्ड के वार्ड 20 से निर्दलीय अवदेश शर्मा ने भाजपा के राजेन्द्र अग्रवाल, वार्ड 21 से निर्दलीय लता ने भाजपा की सोनम परेता तथा वार्ड 22 से भाजपा के बागी चंदन सिंह नरुका ने भाजपा के विकास लखवानी को शिकस्त देकर जीत हासिल की।