भारतीय सेना ने ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। सेना ने साल 2023 में लागू की गई ड्रेस नीति में संशोधन करते हुए पुरानी व्यवस्था को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। यह आदेश 1 दिसंबर से प्रभावी होगा।
रेजिमेंटल पहचान और गौरव की वापसी
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस बदलाव के बाद वरिष्ठ अधिकारी एक बार फिर अपनी मूल रेजिमेंट या कोर से जुड़े पारंपरिक चिह्नों को वर्दी के साथ लगा सकेंगे। इस निर्णय के तहत:
- गोरखा राइफल्स: जनरल रैंक के अधिकारी अब अपनी पारंपरिक गोरखा हैट पहन सकेंगे।
- स्पेशल फोर्सेज: स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अफसर फिर से मैरून बेरेट पहन सकेंगे।
- आर्मीर्ड कोर: बख्तरबंद रेजिमेंट (Armoured Regiment) के अधिकारी अब ब्लैक बेरेट पहन सकेंगे।
गौरतलब है कि 2023 में सेना ने वरिष्ठ नेतृत्व में एकरूपता लाने के उद्देश्य से वर्दी के कई सामानों को समान कर दिया था, जिसके चलते रेजिमेंटल पहचान वाले चिन्ह हटा दिए गए थे। अब सेना ने पुरानी पहचान और परंपराओं को फिर से महत्व देते हुए यह निर्णय लिया है।
अन्य बदलावों पर एक नजर
सेना की वर्दी और प्रोटोकॉल में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कुछ समय पहले 'आर्मी यूनिफॉर्म-2026' के तहत कई कॉलोनियल यानी औपनिवेशिक युग के नियमों को बदला गया था। इसमें रिव्यूइंग ऑफिसर के लिए परेड में तलवार रखना वैकल्पिक करना और औपचारिक सिविल ड्रेस में स्वदेशी 'बंदी जैकेट' को शामिल करना शामिल है।
इसके अलावा, सेना ने अपनी नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म के डिजाइन (डिजिटल प्रिंट) का पेटेंट भी करा लिया है, ताकि इसका अनधिकृत रूप से उपयोग या निर्माण न किया जा सके। ये तमाम कदम भारतीय सेना को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने के प्रयासों का हिस्सा हैं।