शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बार-बार लगने वाले जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने इंदिरा बाजार में सख्ती शुरू कर दी है। यातायात थाना प्रभारी मोतीराम सारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कलेक्ट्रेट चौराहे से शास्त्री नगर चौराहे के बीच बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों, ठेला संचालकों और ट्रेवल्स संचालकों को यातायात नियमों की पालना करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कई वाहनों के चालान बनाए और सड़क पर अतिक्रमण व लंबे समय तक बसें खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। दुकानों के आगे ठेले लगाने पर अब होगी कार्रवाई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुकानों के आगे सड़क पर ठेले लगाकर अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। यातायात थाना प्रभारी मोतीराम सारण ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे अलग से ठेले लगवा रहे हैं। इन ठेलों के कारण सड़क का आधा हिस्सा घिर जाता है। इसके बाद खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपनी बाइक और अन्य वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात और ज्यादा प्रभावित होता है। पुलिस ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को मौके पर समझाइश की और सड़क व दुकानों के आगे अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए। मोतीराम सारण ने कहा कि गुरुवार से भी दुकानों के आगे ठेले लगाए गए तो उन्हें जब्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 60 सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर लंबे समय तक खड़ी बसों पर भी शिकंजा ट्रैफिक पुलिस ने इंदिरा बाजार में ट्रेवल्स कार्यालयों के सामने लंबे समय तक खड़ी रहने वाली बसों के खिलाफ भी कार्रवाई की। मोतीराम सारण ने बताया कि निर्धारित स्टॉपेज नहीं होने के बावजूद कई बसें आधे-आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रहती हैं। इससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और यातायात प्रभावित होता है। ऐसी बसों के एमवी एक्ट के तहत चालान बनाए गए। उन्होंने बताया कि ट्रेवल्स संचालकों को पहले भी समझाया जा चुका है कि यात्रियों को प्रताप सर्कल और बाइपास क्षेत्र से बैठाया जाए, लेकिन इसके बावजूद शहर के अंदर बसें खड़ी की जा रही हैं। सफेद रेखा के बाहर खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई पुलिस ने सफेद रेखा के बाहर खड़े फोर व्हीलर और टू व्हीलर वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। इसके अलावा शहर में निर्धारित नो एंट्री समय के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रोजाना होगी निगरानी, आगे भी जारी रहेगा अभियान यातायात थाना प्रभारी मोतीराम सारण ने कहा कि यह एक दिन की कार्रवाई नहीं है। इंदिरा बाजार और भीलवाड़ा रोड पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस हर दिन स्थिति पर नजर रखेगी और जहां भी अतिक्रमण या यातायात नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का मकसद किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में आम लोगों को जाम से राहत दिलाना है। दुकानदारों, ठेला संचालकों, ट्रेवल्स संचालकों और वाहन चालकों से नियमों की पालना और सड़क को खाली रखने में सहयोग की अपील की गई है।