स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। शिविर के माध्यम से संभागियों को पर्यावरण चेतना, प्रकृति प्रेम और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया गया। शिविर के दौरान आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में जैव विविधता, वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जल संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने प्रकृति भ्रमण के जरिए स्थानीय पेड़-पौधों, पक्षियों और जैव विविधता का अवलोकन किया। पर्यावरण जागरूकता पोस्टर, स्लोगन लेखन और समूह चर्चा जैसी गतिविधियां भी हुई। समापन सत्र में सीओ स्काउट महिपाल सिंह तंवर ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है और इसका संरक्षण किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने आसपास स्वच्छता रखने, जल बचाने और पौधों की देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। आयोजन में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों व स्काउट-गाइड लीडर्स का आभार जताया गया। इस दौरान स्काउट्स-गाइड्स ने प्रकृति बचाएं, भविष्य बचाएं का संकल्प दोहराया।