जायका परियोजना के तहत बन रही जसाना वितरिका के नव निर्माण कार्य का चक 29-30 जेएसएन में पूर्व प्रधान सोहन ढिल्ल ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण में अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। ढिल्ल के अनुसार सीमेंट ईंटों के नीचे बेस बिछाने के बावजूद सतह उबड़-खाबड़ है। उन्होंने कहा कि बेड से ऊपर लाइनिंग तक का काम बिना लेवल की रस्सी या धागे के किया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। निरीक्षण में मजदूरों को बिना निगरानी के काम करते पाया गया। ढिल्ल ने ठेकेदार को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि नहर रेगुलेशन शुरू होने से पहले काम की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और पानी की सप्लाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार की लापरवाही से जल प्रवाह में अवरोध हुआ तो कार्रवाई की मांग की जाएगी। स्थानीय किसानों ने भी अमानक सामग्री और खराब काम की शिकायतें दोहराईं।