सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने भारत में यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नए और उन्नत मॉडल्स को शामिल किया है। इसका मुख्य उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर अश्लील और हिंसक कंटेंट को सीमित करना है।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
मेटा (Meta) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नए AI मॉडल अब इंस्टाग्राम पर रील्स, एक्सप्लोर और फीड सेक्शन में दिखाई देने वाले कंटेंट की गहन जांच करेंगे। यह सिस्टम उन पोस्ट पर विशेष रूप से लागू होगा जिन्हें यूजर्स ने फॉलो नहीं किया है, लेकिन इंस्टाग्राम का एल्गोरिदम उन्हें सुझाव के तौर पर दिखाता है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह कदम कंटेंट को पूरी तरह बैन करने जैसा नहीं है। इसका मतलब यह है कि आपत्तिजनक पोस्ट प्लेटफॉर्म पर बनी रह सकती हैं, लेकिन उन्हें 'रिकमेंडेशन' से हटा दिया जाएगा, जिससे वे ज्यादा लोगों तक नहीं पहुंच पाएंगी।
शिकायतों में आई गिरावट
इंस्टाग्राम का कहना है कि इस बदलाव का असर सकारात्मक रहा है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल की तुलना में अब रिकमेंडेड कंटेंट को लेकर मिलने वाली यूजर्स की शिकायतों में आधी कमी आई है।
नया AI मॉडल अब यूजर्स की रिपोर्ट का इंतजार किए बिना ही रिकमेंडेशन गाइडलाइंस के आधार पर खुद ही पोस्ट की जांच कर रहा है। हालांकि, मेटा ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अब तक कितने पोस्ट को फिल्टर किया गया है या शिकायतों में कमी का सटीक आंकड़ा कैसे मापा गया है।