सवाई माधोपुर-टोंक सीमा पर स्थित ईसरदा बांध में पानी 253 फीट तक पहुंच गया है और अब यह पूरी क्षमता से महज 3 फीट दूर है। लगातार बारिश से बांध में अच्छी आवक हुई, हालांकि पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के कारण पानी की आवक प्रभावित हुई है। बांध के पूरी तरह भरने पर किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद है और गेट खोलने की स्थिति बन सकती है। बारिश रुकी तो पानी की आवक भी हुई प्रभावित फिलहाल सवाई माधोपुर जिले में बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण बांध में पानी की आवक भी प्रभावित हुई है। इसके बावजूद बांध में जमा पानी को देखकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। मौसम विभाग ने सितंबर के पहले सप्ताह में पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि सितंबर की शुरुआत में होने वाली बारिश से बांध पूरी तरह भर सकता है और इसके बाद गेट खोलने की स्थिति बन सकती है। किसानों को सिंचाई के पानी की उम्मीद ईसरदा बांध के पूरी तरह भरने का आसपास के किसान भी इंतजार कर रहे हैं। पर्याप्त पानी जमा होने के बाद किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। बांध भरने से क्षेत्र की कृषि गतिविधियों को भी फायदा मिलेगा। आगामी फसलों के लिए सिंचाई का पानी उपलब्ध होने से किसानों को राहत मिल सकती है। 256 फीट पहुंचने पर खुलेंगे गेट ईसरदा बांध प्रोजेक्ट के AEEN गोविंद सिंह ने बताया - बांध की भराव क्षमता 256 फीट है। वर्तमान में जलस्तर 253 फीट पहुंच चुका है और अब 3 फीट पानी की जरूरत है। तीन फीट और पानी आने के बाद बांध पूरी तरह भर जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्ण भराव के बाद ही नियमानुसार बांध के गेट खोले जा सकेंगे। ऐसे में अब क्षेत्रवासियों की नजर सितंबर के पहले सप्ताह में होने वाली संभावित बारिश पर टिकी है।