जयपुर में रविवार से नवरात्रा मेले और अग्रसेन जयंती के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। आमेर स्थित शिलादेवी माता मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रा मेला लगेगा। इस दौरान आमेर रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। वहीं, अग्रसेन जयंती पर रविवार शाम 4 बजे अग्रवाल सेवा सदन से शोभायात्रा निकलेगी। यह परकोटे के बाजारों से होते हुए अग्रवाल कॉलेज पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अग्रसेन जयंती की शोभायात्रा शाम 4 बजे निकलेगी अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत रविवार शाम 4 बजे शोभायात्रा अग्रवाल सेवा सदन से रवाना होगी। यह चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और सांगानेरी गेट होते हुए अग्रवाल कॉलेज पहुंचेगी। शोभायात्रा के रास्ते में दोपहर 3 बजे से वाहनों की पार्किंग बंद रहेगी। इन रास्तों से गुजरने वाली मिनी बसों और सिटी बसों को भी जरूरत के अनुसार दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। सांगानेरी गेट से निकलने के बाद भी बदलेगा रास्ता शोभायात्रा सांगानेरी गेट से बाहर निकलने पर अजमेरी गेट की तरफ जाने वाले वाहनों को यादगार तिराहे से निकाला जाएगा। टोंक रोड की तरफ से आने वाला ट्रैफिक मानप्रकाश स्लिप लेन से और चौड़ा रास्ता की तरफ से आने वाले वाहन रामनिवास बाग के अंदर से निकलेंगे। वहीं, टीपी नगर की तरफ से आने वाले वाहनों को गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सोफिया स्कूल और घाट बाजार होकर निकाला जाएगा।