जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में राजस्थान ने तमिलनाडु के खिलाफ मंगलवार को पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली। राजस्थान के गेंदबाज अजय सिंह कुकना ने 5 विकेट लेकर तमिलनाडु की पारी को 274 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, दूसरी पारी में शुरुआती झटकों के बाद महिपाल लोमरोर और कार्तिक शर्मा ने नाबाद साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। दूसरी ओर अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में राजस्थान के करण सिंह राणावत ने अपने पदार्पण मैच में शानदार दोहरा शतक जड़कर सुर्खियां बटोरीं। करण की 203 रन की पारी की बदौलत राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 488 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। राजस्थान को पहली पारी में बढ़त सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान और तमिलनाडु के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के तीसरे दिन राजस्थान के गेंदबाजों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। राजस्थान की पहली पारी 363 रन पर समाप्त हुई थी। इसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 274 रन ही बना सकी। तमिलनाडु की ओर से आंद्रे सिद्धार्थ ने 81 रन की पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 26 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से अजय सिंह कुकना ने 51 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि आकाश सिंह ने 74 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के दम पर राजस्थान ने पहली पारी में 89 रन की बढ़त हासिल की। 31 रन पर 4 विकेट गंवाए, लोमरोर-कार्तिक ने संभाली पारी पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद राजस्थान की दूसरी पारी में भी मुश्किलें सामने आईं। टीम ने 31 रन पर 4 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। ऐसे समय में महिपाल लोमरोर और कार्तिक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 50 रन की साझेदारी कर टीम को शुरुआती संकट से उबारा। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक राजस्थान ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 81 रन बना लिए थे। कार्तिक शर्मा 30 रन और महिपाल लोमरोर 25 रन बनाकर नाबाद थे। तमिलनाडु की ओर से साई किशोर ने 25 रन देकर 2 विकेट लिए। पहली पारी की 89 रन की बढ़त को मिलाकर राजस्थान की कुल बढ़त 170 रन हो गई है। करण सिंह राणावत का दोहरा शतक राजस्थान के लिए दूसरी बड़ी खबर अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी से आई। हिमाचल प्रदेश के अम्तर में खेले जा रहे मुकाबले में राजस्थान के करण सिंह राणावत ने अपने पदार्पण मैच में ही दोहरा शतक जड़ दिया। उनकी शानदार पारी की बदौलत राजस्थान ने पहली पारी में 488 रन का विशाल स्कोर बनाया। दूसरे दिन राजस्थान की पहली पारी समाप्त हुई। करण सिंह राणावत ने 292 गेंदों का सामना करते हुए 203 रन बनाए। उनकी पारी में 17 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आयुष अमेरिया ने भी 44 रन का योगदान दिया। करण ने लंबी पारी खेलकर न केवल टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि अंडर-23 स्तर पर अपनी प्रतिभा का भी दमदार प्रदर्शन किया। पदार्पण मैच में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने करण सिंह राणावत राजस्थान के लिए अंडर-23 ट्रॉफी के पदार्पण मैच में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले कार्तिकेय चौधरी ने भी राजस्थान के लिए अपने पदार्पण मैच में दोहरा शतक लगाया था। राजस्थान की अंडर-23 ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में करण लांबा, सुमित गोदारा, राज शर्मा, अंशुल गढ़वाल, आदित्य गढ़वाल, रजत छपरवाल, राजेश बिश्नोई सीनियर, सलमान खान और कार्तिकेय चौधरी जैसे नाम शामिल हैं। करण की 203 रन की पारी इस सूची में एक और उपलब्धि जोड़ती है। हिमाचल के खिलाफ 488 रन बनाने के बाद राजस्थान की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।