जयपुर में रविवार को अग्रसेन महाराज की 5150वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री अग्रवाल समाज समिति की ओर से 11 से 14 अक्टूबर तक श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। शोभायात्रा शाम 4 बजे चांदपोल स्थित अग्रवाल सेवा सदन से रवाना होगी। छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ होते हुए अग्रसेन कटला पहुंचेगी। शोभायात्रा में 7 रथों पर भगवान अग्रसेन, लक्ष्मीजी, गणेशजी, राम दरबार, शिव परिवार और श्याम बाबा की झांकियां सजाई जाएंगी। 18 राजकुमार घोड़ों पर सवार होकर चलेंगे। इस बार शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के 3 हजार से ज्यादा युवा भी व्यवस्थाएं संभालेंगे। बड़ी चौपड़ पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वागत आरती करेंगे। 1948 से हर साल निकल रही शोभायात्रा श्री अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष ओपी अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा 1948 से हर साल जयपुर में निकाली जा रही है। इस बार रास्ते में 25 जगह स्वागत मंच बनाए जाएंगे। शोभायात्रा के पूरे रास्ते में पुष्प वर्षा भी होगी। जेन-जी के 3 हजार से ज्यादा युवा संभालेंगे व्यवस्था महोत्सव के मुख्य संयोजक कैलाश मित्तल ने बताया कि शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के जेन-जी युवाओं की विशेष भूमिका रहेगी। 3 हजार से ज्यादा युवा शोभायात्रा की व्यवस्थाएं संभालेंगे। इनके जरिए समाज की परंपरा, इतिहास और गौरव का संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे स्वागत आरती समिति के अतिरिक्त महामंत्री विनोद अग्रवाल और कोषाध्यक्ष प्रहलाद राय दादियावाले ने बताया कि समाज की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को शोभायात्रा की स्वागत आरती के लिए आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। वे बड़ी चौपड़ पर आरती करेंगे। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न मंचों पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ और महापौर सुनील कोठारी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के लोग स्वागत करेंगे।