बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर एक साथ फिल्म और मनोरंजन जगत के कई चेहरों की मौजूदगी ने एक बार फिर शहर में चल रही शूटिंग गतिविधियों को चर्चा में ला दिया। एक तरफ ईशान खट्टर ‘द रॉयल्स’ से ब्रेक लेकर मुंबई लौटे, वहीं डॉली सिंह ने परकोटे में फैशन कैम्पेन की शूटिंग पूरी की। जयपुर में पिछले कई दिनों से चल रही चर्चित वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के मौजूदा शेड्यूल से ब्रेक लेकर बुधवार को अभिनेता ईशान खट्टर जयपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुए। ईशान खट्टर पिछले कुछ समय से जयपुर की अलग-अलग हेरिटेज लोकेशन्स पर सीरीज की शूटिंग में व्यस्त थे। इससे पहले सीरीज की टीम ने राजस्थान के जैसलमेर में शूटिंग की थी, जहां सूर्यगढ़ पैलेस में भी शूटिंग हुई। जानकारी के अनुसार आने वाले समय में शहर की कई बड़ी हैरिटेज प्रोपटीज पर फिर से इसकी शूटिंग शुरू होगी। ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग राजस्थान में बड़े स्तर पर की जा रही है और सीरीज की कहानी भी राजघराने और शाही परिवार के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। जयपुर की हेरिटेज लोकेशन्स बनीं शूटिंग का हिस्सा ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग सितंबर में राजस्थान से शुरू हुई थी। ईशान खट्टर ने खुद राजस्थान पहुंचने के बाद शूटिंग से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। इनमें वे घुड़सवारी की तैयारी करते भी नजर आए थे। जैसलमेर के बाद सीरीज की टीम जयपुर पहुंची और शहर की अलग-अलग हेरिटेज लोकेशन्स पर शूटिंग की जा रही है। जयपुर के शाही और ऐतिहासिक परिवेश को कहानी की दुनिया के अनुरूप इस्तेमाल किया गया। इस सीजन की शूटिंग में राजस्थान की अलग-अलग लोकेशन्स अहम भूमिका निभा रही हैं। हालांकि पहले सीजन की शूटिंग के दौरान सिटी पैलेस भी सीरीज का प्रमुख शूटिंग स्थल रहा था, लेकिन इस बार जयपुर शेड्यूल में सिटी पैलेस में शूटिंग नहीं की गई। ईशान के साथ कई बड़े सितारे रहे जयपुर में जयपुर शेड्यूल के दौरान ईशान खट्टर के साथ नोरा फतेही, जीनत अमान और साक्षी तंवर सहित कई कलाकारों की मौजूदगी रही। इनमें से अधिकांश कलाकार अपना शूटिंग हिस्सा पूरा कर मुंबई लौट चुके हैं। ईशान खट्टर सीरीज में एक बार फिर महाराज अविराज सिंह के किरदार में नजर आएंगे। नोरा फतेही भी आयशा धोंडी के रूप में वापसी कर रही हैं। जीनत अमान और साक्षी तंवर भी सीरीज के प्रमुख कलाकारों में शामिल हैं। पहले सीजन की मुख्य अभिनेत्री भूमि पेडनेकर दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं, जबकि नए कलाकारों में सिनी शेट्टी और गुरफतेह पीरजादा के नाम जुड़े हैं। डॉली सिंह भी शूटिंग पूरी कर मुंबई रवाना जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को क्रिएटर, अभिनेत्री और कहानीकार डॉली सिंह भी नजर आईं। वे जयपुर में एक फैशन ब्रांड के अभियान की शूटिंग के लिए आई थीं। इस अभियान के लिए जयपुर के परकोटे के अलग-अलग बाजारों और पारंपरिक लोकेशन्स पर शूटिंग की गई। शूटिंग पूरी करने के बाद डॉली सिंह भी मुंबई के लिए रवाना हो गईं। जयपुर के पुराने शहर की गलियां, बाजार और पारंपरिक वास्तुकला इस फैशन शूट का हिस्सा बने। 25 ग्लोबल क्रिएटर्स में शामिल हुई थीं डॉली डॉली सिंह की डिजिटल दुनिया में पहचान केवल उनके लोकप्रिय वीडियो और अभिनय तक सीमित नहीं है। वर्ष 2025 में उन्हें इंस्टाग्राम के पहले रिंग्स पुरस्कार के लिए दुनिया के 25 विजेताओं में शामिल किया गया था। खास बात यह रही कि वे इस वैश्विक सम्मान की भारत से अकेली विजेता थीं। इंस्टाग्राम ने खुद 25 विजेताओं की सूची में डॉली सिंह के नाम की पुष्टि की थी। यह पुरस्कार ऐसे रचनाकारों को दिया गया, जो रचनात्मक प्रयोग करने और अपनी अलग शैली में कहानी कहने के लिए पहचाने जाते हैं। डॉली के सफर में फैशन, हास्य, अभिनय और कहानी कहने के अलग-अलग प्रयोग शामिल रहे हैं। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के कई बड़े नेता भी दिखे इसी दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली सहित कई नेता भी साथ नजर आए। ये नेता राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों से जुड़े संगठनात्मक मंथन के लिए जयपुर में जुटे थे। राजस्थान में पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस की बैठकों का दौर पहले भी चल चुका है। अगस्त में जयपुर में हुई एक बैठक में सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।