जयपुर में ‘द रॉयल्स’ से ब्रेक लेकर एक्टर ईशान खट्टर मुंबई लौट गए। जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को ईशान नजर आए। वहीं क्रिएटर-अभिनेत्री डॉली सिंह ने मंगलवार को परकोटा क्षेत्र में फैशन कैम्पेन की शूटिंग की थी। इसके बाद वे भी लौट गईं। जयपुर में कई दिनों से चल रही वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के मौजूदा शेड्यूल से ब्रेक लेकर अभिनेता ईशान खट्टर मुंबई के लिए रवाना हुए। ईशान खट्टर कुछ समय से जयपुर की अलग-अलग हेरिटेज लोकेशंस पर सीरीज की शूटिंग में व्यस्त थे। इससे पहले सीरीज की टीम ने जैसलमेर में शूटिंग की थी, जहां सूर्यगढ़ पैलेस में भी शूटिंग हुई। जयपुर की हेरिटेज लोकेशंस बनीं शूटिंग का हिस्सा ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग सितंबर में राजस्थान से शुरू हुई थी। ईशान खट्टर ने खुद राजस्थान पहुंचने के बाद शूटिंग से जुड़ी फोटोज और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। इनमें वे घुड़सवारी की तैयारी करते भी नजर आए थे। जैसलमेर के बाद सीरीज की टीम जयपुर पहुंची और शहर की अलग-अलग हेरिटेज लोकेशंस पर शूटिंग की। हालांकि पहले सीजन की शूटिंग के दौरान सिटी पैलेस भी सीरीज का प्रमुख शूटिंग स्थल रहा था। इस बार जयपुर शेड्यूल में सिटी पैलेस में शूटिंग नहीं की गई। जानकारी के अनुसार- शहर की कई बड़ी हैरिटेज प्रोपर्टीज पर 30 अक्टूबर तक इस वेब सीरीज की शूटिंग चलेगी। इसके लिए एक्टर दोबारा जयपुर आएंगे। ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग राजस्थान में की जा रही है। सीरीज की कहानी भी राजघराने और शाही परिवार के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। जयपुर में ईशान के साथ रहे कई बड़े सितारे जयपुर शेड्यूल के दौरान ईशान खट्टर के साथ नोरा फतेही, जीनत अमान और साक्षी तंवर सहित कई कलाकार मौजूद रहे। इनमें से अधिकांश कलाकार अपना शूटिंग हिस्सा पूरा कर मुंबई लौट चुके हैं। ईशान खट्टर सीरीज में एक बार फिर महाराज अविराज सिंह के किरदार में नजर आएंगे। नोरा फतेही भी आयशा धोंडी के रूप में वापसी कर रही हैं। जीनत अमान और साक्षी तंवर भी सीरीज के प्रमुख कलाकारों में शामिल हैं। पहले सीजन की मुख्य अभिनेत्री भूमि पेडनेकर दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं। वहीं नए कलाकारों में सिनी शेट्टी और गुरफतेह पीरजादा के नाम जुड़े हैं। डॉली सिंह भी शूटिंग पूरी कर मुंबई रवाना जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को क्रिएटर, अभिनेत्री और कहानीकार डॉली सिंह भी नजर आईं। वे जयपुर में एक फैशन ब्रांड के अभियान की शूटिंग के लिए आई थीं। इस अभियान के लिए जयपुर के परकोटा क्षेत्र के अलग-अलग बाजारों और पारंपरिक लोकेशंस पर शूटिंग की गई। शूटिंग पूरी करने के बाद डॉली सिंह भी मुंबई के लिए रवाना हो गईं। 25 ग्लोबल क्रिएटर्स में शामिल हुई थीं डॉली डॉली सिंह को साल 2025 में इंस्टाग्राम के पहले रिंग्स पुरस्कार के लिए दुनिया के 25 विजेताओं में शामिल किया गया था। वे इस सम्मान की भारत से अकेली विजेता थीं। इंस्टाग्राम ने खुद 25 विजेताओं की सूची में डॉली सिंह के नाम की पुष्टि की थी। यह पुरस्कार ऐसे रचनाकारों को दिया गया, जो रचनात्मक प्रयोग करने और अपनी अलग शैली में कहानी कहने के लिए पहचाने जाते हैं। डॉली के सफर में फैशन, हास्य, अभिनय और कहानी कहने के अलग-अलग प्रयोग शामिल रहे हैं। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के कई बड़े नेता भी दिखे जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली सहित कई नेता भी साथ नजर आए। ये नेता राजस्थान में स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनाव से जुड़े संगठनात्मक मंथन के लिए जयपुर में जुटे थे। राजस्थान में पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठकों का दौर पहले भी चल चुका है। अगस्त में जयपुर में हुई बैठक में सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।