जयपुर में 14 सितंबर को हुई बैंक के एटीएम लूट मामले में पुलिस ने मुख्य शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रामनगरीया थाना पुलिस ने आरोपी से लूटी गई रकम में से 4 लाख रुपए, वारदात में इस्तेमाल की देसी पिस्टल, 2 मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। मामले में अब तक आरोपियों से कुल 38 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। आरोपी मस्तराज मीणा वारदात के बाद कोटा, कोयंबटूर समेत अलग-अलग जगहों पर ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस की टीम ने आरोपी मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती (28) निवासी कसोले का पुरा करौली हाल निवासी श्रीकृष्णपुरा जयपुर को इंदिरा गांधी नगर से 5 अक्टूबर को दबोच लिया। एटीएम से कैश निकालते कर्मचारियों से 42 लाख रुपए लूटे थे रामनगरीया थाना क्षेत्र में अक्षयपात्र मंदिर के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कैश निकालकर बाहर आ रहे कर्मचारियों को बाइक सवार बदमाशों ने हथियार की नोक पर रोक लिया था। बदमाश कर्मचारियों से करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले बैंक की गतिविधियों की रेकी की थी। बैंक अधिकारियों के अनुसार- एटीएम में कैश निकालने का समय पहले से निश्चित नहीं होता था। इसे रैंडम तरीके से बदला जाता था। वहीं पिछले तीन दिनों की छुट्टियों के बाद एटीएम में बड़ी रकम जमा थी। इसी जानकारी के आधार पर बदमाशों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने आरोपियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और उनका रूट मैप तैयार किया। वारदात के बाद कोटा और कोयंबटूर में काट रहा था फरारी पुलिस के अनुसार- मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पूछताछ में आरोपी से लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियार के संबंध में अनुसंधान जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी देसी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस कहां से लेकर आया था। अब तक चार आरोपी गिरफ्तार बैंक लूट मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अंशु कुमार जाटव (22) निवासी लालपुर थाना नदबई भरतपुर की 16 सितंबर को गिरफ्तारी हुई। सुमित जांगिड़ (26) निवासी चैनपुर थाना मासलपुर करौली हाल निवासी प्रताप नगर जयपुर और पुष्पेंद्र (28) निवासी चैनपुर करौली हाल निवासी प्रताप नगर जयपुर की 23 सितंबर को गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस ने अब तक आरोपियों से कुल 38 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज से जोड़े तार रामनगरीया थाना पुलिस की टीम ने वारदात के बाद आरोपियों के संभावित रूट पर लगे कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। इसके आधार पर आरोपियों की आवाजाही का रूट मैप तैयार किया गया। जांच के दौरान अलग-अलग टीमों ने घटना से जुड़े पहलुओं पर काम किया और फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दी। यह खबर भी पढ़ें... युवती ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर लूटे 41.70 लाख रुपए, गिरफ्तार:लड़की ने ही की थी बैंक कर्मचारियों की रेकी, किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद जयपुर में कैश डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने गए बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने युवती को अरेस्ट किया। (पूरी खबर पढ़ें) जयपुर में बैंक ATM पर पिस्तौल दिखाकर 42 लाख लूटे,VIDEO:कर्मचारियों ने डिपोजिट मशीन से निकाला था कैश, बैग छीनकर फरार हो गए बदमाश जयपुर में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ पर 42 लाख रुपए की लूट हो गई। बैंककर्मी एटीएम बूथ में लगी डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने आए थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश हेलमेट लगाकर आए और पिस्तौल दिखाकर रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। (पूरी खबर पढ़ें)