जयपुर के एमआई रोड स्थित चैम्बर भवन में सर्व ब्राह्मण महासभा जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की ओर से ‘ब्रह्मशक्ति गरबा और डांडिया महोत्सव 2026’ का आयोजन हुआ। महोत्सव का मुख्य आकर्षण तीन पीढ़ियों का सामूहिक डांडिया रहा, जिसमें दादी-नानी, मां और बेटियों की 55 तिकड़ियों ने एक साथ डांस कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया। आयोजन में करीब 1000 महिलाओं ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और नारी शक्ति का संदेश दिया। महोत्सव में दादी-नानी के अनुभव, माताओं के उत्साह और बेटियों की उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से भारतीय लोकसंस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी। एक ही मंच पर तीन पीढ़ियों की सामूहिक भागीदारी ने पारिवारिक रिश्तों की मजबूती और संस्कारों की निरंतरता का संदेश दिया। मुख्य अतिथि समाजसेवी पंडित हरि शंकर बीलवाल ने कहा कि दादी, मां और बेटी की एक साथ भागीदारी पारिवारिक एकजुटता, संस्कारों की निरंतरता और नारी शक्ति का सुंदर उदाहरण है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन पीढ़ियों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के साथ भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। अब देखिए महोत्सव की फोटोज… माता की आराधना और महाआरती से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम में माता की पूजा-अर्चना और सामूहिक महाआरती की गई। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक आराधना कर परिवारों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद पारंपरिक गीतों की धुन पर गरबा और डांडिया की प्रस्तुतियां हुईं। डांडिया की ताल और महिलाओं के उत्साह से आयोजन स्थल पर उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा। ममता शर्मा और डॉ. कविता शास्त्री के नेतृत्व में आयोजन जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता शर्मा और संगठन महामंत्री डॉ. कविता शास्त्री के नेतृत्व में महोत्सव की व्यवस्थाएं की गईं। तीन पीढ़ियों की प्रतिभागी तिकड़ियों के पंजीकरण, समन्वय और सामूहिक प्रस्तुति के लिए विशेष इंतजाम किए गए। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के संचालन में सहयोग दिया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को भारतीय लोकपरंपराओं से परिचित कराना रहा। समापन अवसर पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन सौम्यता मिश्रा ने किया। कई जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद महोत्सव में जयपुर की सांसद मंजू शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, जयपुर की उपमहापौर सरोज कंवर, सर्व ब्राह्मण महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शैल शास्त्री, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष अजय शर्मा, बीएम शर्मा और नरवर आश्रम समिति के सचिव सहित समाज के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजक मंडल की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।