निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच जयपुर शहर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और भजनलाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी ने सरकार पर विकास कार्य ठप होने, भ्रष्टाचार बढ़ने, जनता से अलग-अलग मदों में वसूली करने और शहर की व्यवस्थाएं बिगड़ने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जयपुर की जनता में बीजेपी सरकार के खिलाफ नाराजगी है और निकाय चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। वहीं कांग्रेस ने साफ किया कि प्रत्याशियों के चयन में जीत की संभावना और कार्यकर्ताओं की मेहनत को प्राथमिकता दी जाएगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- कचरा संग्रहण से जुड़े शुल्क बिजली-पानी के बिलों और अन्य माध्यमों से पहले वसूले जा रहे हैं। फिर भी शहर में जगह-जगह गंदगी है। बेहतर काम करने वालों को संगठन में मिलेगी तवज्जो जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा- कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुटी हुई है। पार्टी का लक्ष्य हर वार्ड, मंडल और विधानसभा क्षेत्र में मजबूती के साथ चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा- निकाय चुनाव में जो कार्यकर्ता बेहतर प्रदर्शन करेंगे और संगठन के लिए सक्रियता से काम करेंगे। उन्हें भविष्य में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। सुनील शर्मा ने कहा- जयपुर शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी पहले ही बन चुकी है, लेकिन उन्होंने शहर कांग्रेस के प्रभारी रोहित बोहरा से आग्रह किया है कि निकाय चुनाव में बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी कार्यकारिणी में तवज्जो दी जाए। उन्होंने कहा- जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी को परफॉर्मेंस आधारित बनाया जाना चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले और जमीन पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके। CM और डिप्टी CM जयपुर से, फिर भी हालात बदतर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- राजस्थान और खासतौर पर जयपुर के हालात बेहद खराब हो चुके हैं। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री दोनों जयपुर से होने के बावजूद शहर की स्थिति बद से बदतर हो गई है। खाचरियावास ने आरोप लगाया- जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है और राज्य में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हो रहा। उन्होंने कहा- जयपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो पार्टी जनता पर इस तरह का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देगी। खाचरियावास ने दावा किया कि जयपुर से इसका संदेश पूरे राजस्थान में जाएगा। उन्होंने कहा- जनता ने फिर से बीजेपी को मौका दिया तो सरकार आम लोगों पर और अधिक आर्थिक बोझ डाल सकती है। विकास के नाम पर लोगों को बेघर किया जा रहा खाचरियावास ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर लोगों के घर और दुकानें तोड़ी जा रही हैं और कई लोग बेघर हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान पुनर्वास नीति के तहत किसी व्यक्ति के मकान या दुकान पर कार्रवाई से पहले उसके पुनर्वास की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में इस तरह की व्यवस्था नहीं हो रही और प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है। खाचरियावास ने कहा- प्रदेश सरकार के विधायक और मंत्री प्रभावित लोगों को मकान या दुकान तक नहीं दिलवा पा रहे हैं और सिर्फ बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। इससे जनता में सरकार के खिलाफ आक्रोश है और कांग्रेस को उम्मीद है कि निकाय चुनाव में लोग वोट के जरिए इसका जवाब देंगे। रफीक खान बोले- शहर में गंदगी, पानी की समस्या, सरकार का ध्यान नहीं कांग्रेस विधायक रफीक खान ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग जयपुर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा- शहर की बुनियादी समस्याओं पर सरकार का पर्याप्त ध्यान नहीं है। रफीक खान ने आरोप लगाया कि जयपुर में कई जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। लोगों को पीने के पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए और कहा कि आम आदमी जब अपना मकान बनाता है तो उससे विभिन्न स्तरों पर पैसे की मांग की जाती है। कांग्रेस से पार्षद टिकट के लिए 2500 से ज्यादा आवेदन रफीक खान ने कहा- इस बार जयपुर शहर में कांग्रेस को लेकर आम जनता और कार्यकर्ताओं में सकारात्मक रुझान है। उन्होंने कहा कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्षद पद का चुनाव लड़ने के लिए अब तक करीब ढाई हजार कार्यकर्ता आवेदन कर चुके हैं। अमीन कागजी बोले- धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति करती है BJP कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने बीजेपी पर धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- राजधानी होने के बावजूद जयपुर के हालात खराब हैं। अमीन कागजी ने आरोप लगाया कि ढाई साल से शहर में सड़कों के निर्माण और अन्य विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। कई क्षेत्रों में कचरे के ढेर और खराब सड़कों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा- चारदीवारी क्षेत्र की स्थिति भी चिंताजनक है और जिन विकास कार्यों की दो साल पहले घोषणा की गई थी, उनमें से कई अब तक धरातल पर नहीं उतर सके हैं। कुछ योजनाओं के टेंडर तक नहीं होने का भी उन्होंने आरोप लगाया। जीत की संभावना के आधार पर होगा प्रत्याशियों का चयन अमीन कागजी ने जयपुर की तत्कालीन मेयर मुनेश गुर्जर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कांग्रेस पार्षदों का समर्थन किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस पार्टी इस बार प्रत्याशियों के चयन में जीत की संभावना को सबसे अधिक प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा- कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य जयपुर में अपना बोर्ड बनाना है और पार्टी इसी रणनीति के तहत उम्मीदवारों का चयन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा- निकाय चुनाव में शहर की सड़कें, सफाई, पानी, विकास कार्य, कथित भ्रष्टाचार और आम जनता पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ प्रमुख मुद्दे होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जीत की संभावना के आधार पर प्रत्याशी तय कर मैदान में उतरेगी।