जयपुर के बनीपार्क थाना पुलिस ने कूरियर पार्सल से कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है। वारदात में शामिल आरोपी जयपुर से अहमदाबाद, सूरत और मुंबई भेजे जा रहे पार्सलों को निशाना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम चांदी के अलग-अलग आइटम बरामद किए हैं। पकड़े गए एक आरोपी ने कूरियर कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी के साथ मिलकर चोरी की प्लानिंग की थी। पांच पार्सल लेकर फरार हुए थे आरोपी डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि एक अक्टूबर को रवि कुमार (38) निवासी श्याम विहार, चरण नदी, नाड़ी का फाटक, जयपुर ने बनीपार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी का न्यू नीलकंठ एयर सर्विस के नाम से एस-27, सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर, जयपुर में कुरियर का कारोबार है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर को उनकी कंपनी से अहमदाबाद, सूरत और मुंबई के लिए कुछ पार्सल भेजे जा रहे थे। कंपनी का कर्मचारी पार्सल लेकर कलेक्ट्रेट सर्किल की ओर जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन सवारों ने रास्ते में गाड़ी से पांच पार्सल उतार लिए और उन्हें लेकर फरार हो गए। इनमें से तीन पार्सलों में चांदी के आइटम थे, जिनका कुल वजन करीब 20 किलोग्राम बताया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बनीपार्क थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। दिल्ली, गुरुग्राम समेत कई जगह दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा एडिशनल डीसीपी वेस्ट राजेश गुप्ता ने बताया कि वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने घटना स्थल के आस-पास और आरोपियों के संभावित रास्तों पर लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर रूट मैप तैयार किया गया। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ दिल्ली, गुरुग्राम, जम्मुई, सोनपुर, छपरा, वैशाली और गोंडा सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। बनीपार्क थानाधिकारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दीपक सिंह उर्फ शंकर (33) और प्रिंस कुमार (22) को गिरफ्तार कर लिया। दीपक सिंह गोरधन पुरवा, लिलोई कलां, थाना उमरी बेगमगंज, जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश का निवासी है। जबकि प्रिंस कुमार गांव कुराब, थाना गिधौर, जिला जमुई, बिहार, वर्तमान में दिल्ली के बकोली क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। वारदात में शामिल एक नाबालिक को भी डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 10 किलोग्राम चांदी के सामान बरामद किए जा चुके हैं। चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है। कर्मचारी ने दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवादी की कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने अपने गांव के दोस्त प्रिंस कुमार के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। कर्मचारी को जानकारी थी कि कंपनी के माध्यम से महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान कूरियर से भेजे जाते हैं। योजना के तहत आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी शामिल किया। 30 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे बनीपार्क क्षेत्र में हाथी बाबू मार्ग स्थित प्लॉट नंबर डी-42 के सामने अंधेरे का फायदा उठाकर कुरियर के लोडिंग ऑटो से पांच पार्सल उतारे और टैक्सी कार में रखकर फरार हो गए। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी के शेष सामान के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है।