साइबर क्राइम यूनिट पुलिस और जयपुर वेस्ट पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिंदायका थाना क्षेत्र में चल रहे इंटरनेशनल फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 13 लैपटॉप, 24 मोबाइल फोन, राउटर, सिम कार्ड, चार्जर, एक्सटेंशन बोर्ड सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिरसी रोड स्थित मंगलम ग्रांड रेजीडेंसी के फ्लैट से अवैध कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। यहां से अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी की जा रही थी। एप्पल कस्टमर सपोर्ट के नाम पर ठगी डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया- जांच में सामने आया कि आरोपी फेक एप्पल कस्टमर सपोर्ट और टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। आरोपियों की ओर से अमेरिका में संभावित ग्राहकों को SMS और मैसेज भेजे जाते थे। इसके बाद एप्पल प्रोडक्टस और सर्विस से जुड़े प्री अप्रूव्ड चार्ज के नाम पर 399, 499, 699 अमेरिकी डॉलर और अन्य राशि के शुल्क स्वीकृत/प्रोसेस कराकर ठगी की जाती थी। 13 लैपटॉप और 24 मोबाइल जब्त पुलिस टीम ने फ्लैट से 13 लैपटॉप, 24 मोबाइल फोन, राउटर, सिम कार्ड, चार्जर, एक्सटेंशन बोर्ड सहित अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 14 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस डिप्टी एसपी आदित्य पुनियां ने बताया- पुलिस ने मामले में गोहील निकुंज, वाहिद, रहीस, इरशाद, मोहम्मद इनाम हुसैन चौधरी, सौरभ शर्मा, निशिथ, मानस खटनीयार, अक्षय नारायण भाई पटेल, श्रेय भारद्वाज, गगन पाल, शिवम प्रजापति, देव नदाल और दर्पण को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और टेलीग्राफ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में बिंदायका थाना पुलिस, जयपुर वेस्ट DST और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर की तीन टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया। टीमों ने साइबर अपराध से जुड़ी सूचनाएं जुटाकर संदिग्ध फ्लैट की निगरानी की और इसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल की तकनीकी जांच के जरिए विदेशी पीड़ितों की संख्या, ठगी की कुल रकम, कॉलिंग नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।