किसान ने खेत में जहर खाकर सुसाइड कर लिया। इससे पहले वीडियो बनाकर कहा- मेरी मौत का कारण 'रमेश बांगड़ा' है। मेरी जमीन धोखे से बेच दी। सालों से चक्कर काट रहा हूं, एक रुपया भी नहीं दिया। मेरा जीना हराम हो गया है। मामला जयपुर के शिवदासपुरा थाना इलाके का है। घटना 25 सितंबर को हुई। करीब 11 बजे परिवार के लोग खेत में पहुंचे तो किसान अचेत हालत में मिला। तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। पत्नी की शिकायत पर सोमवार को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेत में वीडियो बनाने के बाद खाया जहर चाकसू ACP भवानी सिंह ने बताया- किसान रामस्वरूप बैरवा (45) पुत्र गोविंदराम ने घर के पीछे खेत में सुसाइड से पहले वीडियो बनाया था। इसके बाद जहर खा लिया। घरवाले खेत में पहुंचे तो अचेत हालत में मिला। तुरंत जयपुर के RUHS हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद शिवदासपुरा थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मोबाइल में हाथ से लिखे दो पेज की फोटो मिली चाकसू ACP भवानी सिंह ने बताया- पुलिस को रामस्वरूप के मोबाइल में करीब 6 महीने पहले हाथ से लिखे हुए दो पेज की फोटो भी मिली हैं। किसान ने एक पेज में लिखा- रमेश, मुझे रुपयों की सख्त जरूरत है। आज मुझे पैसा चाहिए, क्योंकि मेरे पास बहुत कम दिन हैं। तेरी बड़ी मेहरबानी होगी। दूसरे पेज में लिखा- रमेश बागड़ा अब क्या चाहता है। तूने मेरा जीना हराम कर दिया। तू मुझे रुपए कब देगा, आज 21 तारीख हो गई। मेरे पास रुपए नहीं हैं। क्या करूं, अभी तो रुपए दे दे। शर्म नाम की चीज नहीं है। मुझे रोजाना चकमा दे रहा है। पत्नी की शिकायत पर सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किसान की पत्नी सीमा की रिपोर्ट पर शिवदासपुरा थाने में रमेश बागड़ा के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया- आरोपी रमेश बागड़ा ने करीब 5 साल पहले जमीन बेची थी। धोखे से रजिस्ट्री करवाने के बाद 8.40 लाख रुपए नहीं दिए। रुपए मांगने पर धमकी देता था कि कुछ भी कर लो, पैसे नहीं दूंगा। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग:मौत से पहले बनाया सुसाइड वीडियो नोट, माता-पिता और भाई को बताया जिम्मेदार जयपुर में सुसाइड वीडियो नोट बनाकर एक युवक के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। सुसाइड का वीडियो नोट बनाने के बाद युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। वीडियो नोट में युवक ने अपने माता-पिता और भाई को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। चौमूं थाना पुलिस की ओर से वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें)