जयपुर में त्यौहारी सीजन को देखते हुए लगातार तीसरे दिन सोमवार को सीएमएचओ सेंकेंड डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में फूड सेफ्टी टीम ने दुर्गापुरा स्थित मिठाई शॉप 'केसर' पर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान 35 किलोग्राम खट्टा मावा मिलने पर उसे नष्ट करवाया गया, जबकि 50 किलोग्राम मिल्ककेक के स्टॉक को सीज कर दिया गया। साथ ही मिठाइयां जिस जगह बनाई जा रही थी, वहां गंदगी मिलने पर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। टीम ने दुकान पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और अन्य मानकों की जांच की। दूषित मावे को टीम ने कराया नष्ट डॉक्टर मित्तल ने बताया कि टीम ने जब मिठाई शॉप के पास मौजूद कारखाने का निरीक्षण किया तो डीप फ्रिज में रखा मावा चेक किया। चखने पर मावा खट्टा निकला, जिससे मिठाइयां बनाने की तैयारी थी। मैनेजर ने भी मावा खराब होना स्वीकार किया। जिसके बाद टीम ने मावा का सैंपल लेकर 35 किलो मावा नष्ट करवाया। अलवर से मिल्ककेक मंगवाकर कर रहे थे बेचान टीम ने मिठाई कारखाने के बाद शॉप का भी दौरा किया। यहां टीम को दो कार्टन में अखबार में लपेटे हुए मिल्क केक के 20 पैकेट मिले। हर पैकेट में 2.5 किलोग्राम मिल्ककेक रखा ​था, जो त्यौहार पर गिफ्ट पैकेट तैयार करने के लिए बाहर से मंगवाया था। अलवर से मंगवाया था मिल्कके​क पूछताछ में सामने आया कि ये मिल्कके​क अलवर से मंगवाया था, जो 280 रुपए प्रतिकिलो की दर से खरीदा गया, जबकि इसे काउंटर पर 620 रुपए की दर से बेचा जा रहा था। दुकान के मैनेजर ने बताया- ये मिल्ककेक मिल्क पाउडर, वनीला फ्लेवर, चीनी, दूध से तैयार करवाया गया है। टीम ने इस मिल्ककेक में से कुछ सैंपल लेने के बाद स्टॉक को दुकान स्थित कोल्ड रूम में रखवाकर सीज कर दिया। इसके अलावा दुकान में ही तैयार की गई केसर काजू कतली का भी एक सैंपल जांच के लिए लिया गया। -------------- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में 12 मिठाई शॉप पर फूड डिपार्टमेंट का छापा:खराब तेल में पका रहे थे कचौरी; एक जगह मिला 150 किलो बदबूदार घेवर जयपुर में फूड सेफ्टी टीमों ने कान्हा स्वीट्स, रावत मिष्ठान भंडार, सोढाणी स्वीट्स, बीएमबी सहित 12 बड़ी मिठाई की दुकानों पर शुक्रवार को छापा मारा। टीमों ने इन दुकानों से घेवर, बर्फी, मावा, समोसा, मिल्क केक के सैंपल लिए। (पूरी खबर पढ़ें…)