गणेश चतुर्थी पर 14 सितंबर को जयपुर के गणेश मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। मोती डूंगरी गणेश मंदिर के आसपास कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कई रास्तों पर डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था भी रहेगी। पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने बताया- मोती डूंगरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए QR कोड जारी किया गया है। इसे स्कैन कर पार्किंग की उपलब्धता और ट्रैफिक की जानकारी ली जा सकेगी। लोगों से रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग और राजस्थान यूनिवर्सिटी पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। 15 जगहों पर कर सकेंगे पार्किंग रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग में 1500 चारपहिया और 1000 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर, सेंट्रल लाइब्रेरी, डॉ. आंबेडकर न्यू सेंट्रल लाइब्रेरी, समाज विज्ञान विभाग, तरणताल के पास ग्राउंड, पटेल रोड सर्विस लेन, प्रशासनिक भवन के पीछे, सेंट्रल पार्क और महाराजा कॉलेज ग्राउंड सहित अन्य जगहों पर पार्किंग रहेगी। बसों के रूट में भी बदलाव जरूरत के अनुसार जेसीटीएसएल और सिटी बसों के रूट बदले जाएंगे। गोपालपुरा की ओर से यादगार तिराहे आने वाली बसें लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग की ओर जाएंगी। टोंक रोड पर ट्रैफिक बढ़ने पर यादगार तिराहे से गोपालपुरा जाने वाली बसें अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की ओर जाएंगी। रोडवेज बसों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें चंदवाजी-एक्सप्रेस हाईवे-रोड नंबर 14 पुलिया-सर्विस रोड-सीकर रोड होते हुए विद्याधर नगर आगार जाएंगी। सिंधी कैंप से दिल्ली रोड जाने वाली बसें पानीपेच तिराहा-चौमूं तिराहा-सीकर रोड-एक्सप्रेस हाईवे होते हुए जाएंगी। पार्किंग से मंदिर तक बस और ई-रिक्शा पार्किंग स्थलों से मोती डूंगरी गणेश मंदिर तक जेसीटीएसएल की बसें चलेंगी। मंदिर प्रशासन की ओर से पार्किंग से मंदिर तक नि:शुल्क ई-रिक्शा भी उपलब्ध रहेंगे। मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा से परकोटे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जेएलएन मार्ग के बजाय टोंक रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। जरूरी सेवाओं वाले वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।