जयपुर में बैंककर्मी बनकर एक बुजुर्ग से साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 1 लाख 57 हजार 500 रुपए निकाल लिए गए। बैंक ऑफ बड़ौदा, जवाहर नगर ब्रांच से कॉल आने के बाद पीड़ित को फ्रॉड का पता चला। पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है। जवाहर नगर एसएचओ सरला यादव ने बताया कि सिंधी कॉलोनी में रहने वाले 69 साल के बुजुर्ग के साथ साइबर ठगी हुई है। बुजुर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद को बैंककर्मी बताते हुए मेरे अकाउंट की पूरी डिटेल ले ली। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच उनके पास बैंक ऑफ बड़ौदा, जवाहर नगर ब्रांच से फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। इसके बाद तत्काल अपना बैंक खाता ब्लॉक करवाया और पुलिस में ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि उनके बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल 1,57,500 रुपए की धोखाधड़ी की।