जयपुर के राजापार्क मार्केट में जूस की दुकान चलाने वाले पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आदर्शनगर थाना पुलिस ने तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी को जैसलमेर,पोकरण से दबिश देकर दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। आरोपी ने दुकानदार वैभव सेनानी पर सोते समय बेसबॉल के बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। हमले में दुकानदार बुरी तरह से घायल हो गया था। आरोपी की पहचान महिपाल सिंह चंपावत(27) निवासी जोधनगर, पोकरण, जिला जैसलमेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया। इसके बाद उसे घटनास्थल पर ले जाकर परेड निकाली और वारदात की तस्दीक करवाई गई। दुकान में घुसकर सोते हुए मालिक पर किया था हमला डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई को पीड़ित वैभव सेनानी ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 3 बजे राजापार्क मार्केट स्थित उनकी दुकान ‘अचानक जूस’ में आरोपी महिपाल सिंह अपने एक साथी के साथ पहुंचा। दोनों चौपहिया वाहन से आए थे। आरोप है कि दुकान में घुसकर सो रहे वैभव सेनानी के सिर पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ वार किए और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया गया कि पीड़ित और आरोपी के बीच पहले किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। तीन महीने से फरार चल रहा था आरोपी घटना के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आदर्श नगर थानाधिकारी छगन लाल डांगी ने बताया कि मुख्य आरोपी महिपाल सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। वह अपने संभावित ठिकानों पर छिपता रहा और जयपुर नहीं आ रहा था। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के पोकरण स्थित घर आने की सटीक सूचना मिली। इस पर आदर्श नगर थाने की टीम पोकरण रवाना हुई। स्थानीय पोकरण पुलिस की मदद से आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने राजापार्क बाजार में करवाई परेड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया। इसके बाद आरोपी को राजापार्क बाजार में पैदल ले जाकर शिनाख्त परेड करवाई गई और घटनास्थल की तस्दीक करवाई गई। पुलिस अब आरोपी से वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।