जयपुर में दोस्त ने कार से कुचलकर युवक की हत्या कर दी। सैलरी को लेकर शराब पार्टी में तीन आरोपियों का युवक से झगड़ा हो गया। आरोपियों ने युवक और उसके साथी को पहले जमकर पीटा। इसके बाद एक आरोपी ने डंडे से युवक के सिर पर हमला कर दिया। जमीन पर गिरे युवक और उसके साथी को कार से कुचल दिया। युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। मामला कानोता थाना क्षेत्र स्थित कानोता पुलिया के पास सोमवार तड़के करीब 3 बजे का है। युवक को कुचलने के बार आरोपियों की कार आगे खड़े ट्रक में घुस गई। इसके बाद आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। मृतक की पहचान चौमूं के दुल्हा सिंह की ढाणी निवासी रोहित सैनी (26) के रूप में हुई है। वहीं घायल दोस्त सुनील सैनी का इलाज चल रहा है। कानोता थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार जब्त की है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने कानोता थाने के बाहर प्रदर्शन किया। साथी युवक घायल, अस्पताल में भर्ती SHO (कानोता) विरेंद्र सिंह ने बताया- कानोता पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों के एक्सीडेंट होने की राहगीरों से सूचना मिली। मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो दोनों युवक सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़े हुए थे। दोनों को पुलिस ने एम्बुलेंस से SMS हॉस्पिटल भिजवाया। डॉक्टर्स ने इलाज के दौरान घायल रोहित सैनी को मृत घोषित कर दिया। उसके साथी सुनील को एडमिट कर लिया गया। रोहित एक साल से कानोता-बस्सी में प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल के यहां ड्राइवर था। प्रॉपर्टी कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को रुकने के लिए कानोता में जगह दे रखी है। जहां कारोबारी के यहां काम करने वाले 4-5 युवकों के साथ रोहित भी रहता था। छुट्टी मिलने पर अपनी पत्नी और दो बेटों से मिलने घर जाता था। पुलिस के अनुसार- घटनास्थल के पास एक कार ट्रक में घुसी हुई मिली। इसकी जांच करने पर पता चला कि कार प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल की है। अग्रवाल से पूछने पर पता चला कि कार सुरेंद्र यादव के पास है। भाई का आरोप- रुपयों को लेकर हत्या हुई मृतक के भाई अशोक ने बताया- प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल के पास मेरा भाई रोहित ड्राइवर था। नरेश अग्रवाल से रोहित सैलरी के पैसे मांगता था। अशोक ने बताया- रोहित, सुरेंद्र, दीपा, राजेश और सुनील रविवार रात करीब 8 बजे बालाजी ईंट-भट्टे के पास मिले। इस दौरान सुरेंद्र ने रोहित को 20 हजार रुपए दिए। इसके बाद सभी ने शराब पार्टी की। शराब पीने के दौरान रोहित ने सुरेंद्र से अपने बाकी रुपए देने की बात कही। सुरेंद्र ने बताया कि नरेश ने अभी इतने ही रुपए भेजे हैं। इस दौरान किसी बात को लेकर रोहित और सुरेंद्र के बीच झगड़ा हो गया। इस पर सुरेंद्र ने रोहित को धमकी दी। बाद में रोहित और सुनील दोनों फ्लैट पर सोने चले गए। रात करीब 1 बजे सुरेंद्र ने रोहित के मोबाइल पर कॉल कर गाली-गलौज की। आरोपी सुरेंद्र ने कानोता पुलिया के पास वाले पेट्रोल पंप पर रोहित को बुलाया। रात करीब 2:45 बजे रोहित और सुनील बाइक पर पहुंच गए। वहां सुरेंद्र, दीपा और राजेश पहले से मौजूद थे। तीनों ने रोहित और सुनील के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने धमकी दी कि नरेश भाईसाहब के लिए कुछ भी कहा तो हम एक नहीं सुनेंगे। इसके बाद तीनों ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सुरेंद्र ने कार से डंडा निकालकर रोहित के सिर पर वार कर दिया, रोहित निढाल होकर नीचे गिर गया। इसके बाद तीनों ने रोहित और सुनील पर कार चढ़ा दी। बाद में पास ही चाय की दुकान करने वाले ने कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।