जयपुर में लक्ष्मी मिष्ठान भंडार (LMB) में फर्जी फूड इंस्पेक्टर को माणक चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मिठाइयों में शिकायतें आने को लेकर आरोपी ने धमकी देते हुए डिस्काउंट के लिए दबाव बनाया था। यह मामला जौहरी बाजार स्थित LMB में रविवार दोपहर करीब 11:30 बजे हुआ। SHO (माणक चौक) राकेश ख्यालिया ने बताया- हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी युवक (33) को शांतिभंग में रविवार को अरेस्ट किया था। आरोपी महेंद्रगढ़ में अपना प्राइवेट काम करता है। वह पत्नी और सास के साथ रविवार को जयपुर घूमने आया था। इसके बाद LMB में मिठाई लेने पहुंचा था। उसने पहले मिठाइयों के भाव पूछे। इसके बाद काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से डिस्काउंट की बात कही। वहीं पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किए आरोपी को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जमानत पर छोड़ दिया। मालिक को कॉल पर धमकाया पुलिस ने बताया- आरोपी ने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताया। साथ ही LMB ऑनर से बात कराने के लिए धमकी दी। LMB ऑनर से बातचीत के दौरान खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर गाली-गलौज करने लगा। LMB की मिठाइयों की लगातार शिकायतें की कहकर मिठाई सही भाव में देने का दबाव बनाया। बातचीत को लेकर शक होने पर LMB ऑनर ने माणक चौक थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने LMB में पहुंच कर फर्जी फूड इंस्पेक्टर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में फर्जी फूड इंस्पेक्टर निकलने पर उसे पकड़ माणक चौक थाने लाया गया था। भारी डिस्काउंट के लिए बनाया दबाव पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी और सास को बाहर ही छोड़कर दुकान पर मिठाई खरीदने पहुंचा था। LMB में पहुंचने से पहले उसने काउंटर पर मिठाई लेने आए व्यक्ति की बात सुनी। किसी अधिकारी को भेजना बताने पर उसे डिस्काउंट में मिठाई मिली थी। इस पर उसने भी भारी डिस्काउंट में मिठाई लेने के लिए खुद को फूड इंस्पेक्टर बनाया। बात बनने की जगह बिगड़ने पर वह पकड़ा गया। थाने पहुंचने पर पत्नी-सास को पता चला पुलिस के पकड़कर ले जाने के दौरान बाहर इंतजार कर रही पत्नी-सास को लगा LMB में झगड़ा होने पर पुलिस पकड़ ले गई। माणक चौक थाने पहुंचकर पुलिस से पकड़ने के बारे में पूछा। पुलिस की ओर से फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर मिठाई डिस्काउंट का पता चलने पर वे दोनों भी दंग रह गए।