जयपुर में लुटेरी दुल्हन के गहने-कैश लेकर भागने का मामला सामने आया है। दुल्हन को वापस भेजने के नाम पर आरोपियों ने ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाए। लेकिन इसके बाद टालते रहे। आखिर परेशान होकर पीड़ित ने कोर्ट से आदेश करवाकर रविवार शाम शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया। ASI घनश्याम मीना ने बताया- शिवदासपुरा इलाके में रहने वाले 30 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। तीन आरोपी उसके परिचित हैं। परिचित होने के कारण उसकी आरोपियों से बातचीत होती रहती थी। दिल्ली से बुलाकर लड़की दिखाई बातचीत के दौरान आरोपियों को पता चला कि पीड़ित की शादी नहीं हुई है। शादी करवाने की कहकर आरोपियों ने पीड़ित को अपनी बातों में फांस लिया। रिश्ता करवाने के बदले 3 लाख रुपए की डिमांड रखी। सौदा तय होने पर दिल्ली से लड़की को बुलाकर दिखाया गया। पसंद आने पर रिश्ता तय होते ही 2 लाख रुपए कैश ले लिए। लड़की और उसकी मां की ओर से शादी की सहमति दी गई। मई 2026 में बाकी बचे एक लाख रुपए ले लिए। शादी का सहमति पत्र तैयार करवाकर खर्च के करीब 25 हजार रुपए लिए। इसके बाद दुल्हन ससुराल में आकर रहने लगी। 21 जुलाई की रात परिवार के खाना खाकर सोने जाने के बाद देर रात अलमारी से गहने-कैश निकालकर दुल्हन फरार हो गई। सुबह उठने पर काफी ढूंढने के बाद भी उसका पता नहीं चला। अलमारी चेक करने पर उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, टोप्स, लोंग, राखडी सेट व चांदी की पायजेब जोड़ी और 35 हजार रुपए गायब मिले। लुटेरी दुल्हन के घर से गहने-कैश चोरी कर भागने का पता चलने पर आरोपी परिचितों से कॉन्टैक्ट किया। आरोपियों की ओर से दुल्हन को वापस भेजने के बदले 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए। बार-बार टालमटोल के बाद धमकी देने पर परेशान होकर पीड़ित ने कोर्ट से आदेश करवाकर मामला दर्ज करवाया।