जयपुर में महाराजा महाविद्यालय, जयपुर में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा ब्रेस - बोर्ड सेफ्टी कॉलेज एजूकेशन प्रेग्राम के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात अनुशासन तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर RTO-2 तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आर.के. गुसाई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत किया तथा सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरटीओ इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने छात्रों से अपील की कि यातायात नियमों को लेकर खुद पालन करें और समाज को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करें। मुस्कान फाउंडेशन की ओर से महेश कुमार शर्मा एवं समीर नैनावत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के सही उपयोग, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बचने, यातायात संकेतों को समझने एवं उनका पालन करने तथा सड़क पर पैदल यात्रियों और अन्य वाहन चालकों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार रखने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुस्कान फाउंडेशन की डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स नेहा खुल्लर, महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश मीणा, डॉ. दिनेश कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए और एक सुरक्षित एवं जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनाने की शपथ दिलाई।