जयपुर के सबसे बड़े कपड़ा बाजार में लगी आग में बड़ा खुलासा हुआ है। आग बुझाने के लिए लगे हाइड्रेंट पॉइंट (आग बुझाने के लिए पानी की लाइन का वाल्व) में नींबू-मिर्च भरे थे। बाजार में फायर सेफ्टी सिस्टम की धज्जियां उड़ रही थी। शुक्रवार को राज्य मानवाधिकार आयोग की टीम जांच करने पहुंची। जांच के दौरान आयोग अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश जीआर मूलचंदानी को आग लगने वाली जगह के पास एक हाइड्रेंट पॉइंट मिला, लेकिन वह चालू हालत में नहीं था। यह देखकर आयोग अध्यक्ष जस्टिस मूलचंदानी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) देवेंद्र मीणा से सवाल किया- इतने भीड़भाड़ वाले बाजार में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की आखिरी बार जांच कब की गई थी। इस पर मीणा ने कहा- साल 2023 में आवेदन मिला था। जस्टिस मूलचंदानी बोले- हाइड्रेंट की कब जांच दौरे के दौरान जस्टिस मूलचंदानी ने CFO देवेंद्र मीणा से पूछा- क्या आपने कभी इस हाइड्रेंट पॉइंट को चलता हुआ पाया है? क्या कभी इसकी जांच की गई कि सिस्टम काम कर रहा है या नहीं? इस पर मीणा ने बताया- यह बिल्डिंग का प्राइवेट हाइड्रेंट पॉइंट है। देवेंद्र मीणा ने बताया- ऐसे बाजारों में आवेदन आने पर अग्निशमन विभाग की टीम जांच करती है। सरकारी हाइड्रेंट 200 मीटर दूर, लेकिन चालू नहीं उन्होंने CFO से पूछा- नगर निगम का हाइड्रेंट पॉइंट कितनी दूरी पर है। जवाब मिला कि कटले के बाहर दूसरी तरफ करीब 200 मीटर दूर है, लेकिन टेंडर नहीं होने के कारण वह चालू नहीं है। जस्टिस मूलचंदानी ने कहा- यदि हाइड्रेंट चालू नहीं है तो 200 मीटर तो क्या, 2 मीटर दूर होने पर भी उसका कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा- दमकल की गाड़ियों को पानी भरने के लिए घाटगेट तक जाना पड़ता है। वहीं जस्टिस मूलचंदानी ने सवाल किया कि यदि इसी तरफ आग लग जाए तो क्या होगा? उन्होंने कहा कि इतने संकरे और भीड़भाड़ वाले बाजार में दमकल के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं मीणा ने बताया- स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कटले के आसपास हाइड्रेंट सिस्टम लगाया गया था। घाटगेट से करीब 8 किलोमीटर के क्षेत्र में कुल 14 हाइड्रेंट लगाए गए हैं। आयोग अध्यक्ष ने पूछा- क्या अग्निशमन विभाग ने हाइड्रेंट सिस्टम को चालू कराने के लिए कोई प्रस्ताव दिया था? CFO ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के समय अधिकारियों की ओर से व्यवस्था को यथावत लागू करने के निर्देश थे। उन्होंने रिपोर्ट भी आयोग अध्यक्ष को दिखाई। बिल्डिंग मालिक पर केस माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया- पुलिस ने सेठी कॉम्पलेक्स के भवन मालिक आनंद सेठी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में भवन निर्माण में बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन की बात सामने आई है। छत पर बन रहा था रेस्टोरेंट, रात में हो रही थी वेल्डिंग थानाधिकारी ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कॉम्पलेक्स के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम की NOC नहीं ली थी। वहीं जांच में सामने आया कि बिल्डिंग की छत पर रेस्टोरेंट का निर्माण कराया जा रहा था। रात को वहां वेल्डिंग का काम भी करवाया जाता था। शॉर्ट सर्किट के अलावा रात में वेल्डिंग के दौरान बिजली के तारों पर बढ़े लोड से आग लगने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा है। FSL टीम ने साक्ष्य लिए हैं। गहलोत बोले- बाजारों में फायर फाइटिंग सिस्टम की हो जांच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शुक्रवार को सेठी कॉम्प्लेक्स पहुंचे। गहलोत ने व्यापारियों से आग लगने की घटना और नुकसान की जानकारी ली। इस पर पीड़ित व्यापारियों ने गहलोत को परेशानी बताई। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए गहलोत ने कहा- नगर निगम की जिम्मेदारी होती है कि बाजारों और बिल्डिंगों में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की समय-समय पर जांच हो। सरकार बदलने के बाद भी यह देखना जरूरी है कि फायर सेफ्टी के इंतजाम सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। गहलोत ने कहा- सरकार की ओर से किसी मंत्री को यहां आकर प्रभावित व्यापारियों की पीड़ा सुननी चाहिए। ….. ये खबरें भी पढ़ें... दिवाली से पहले आग ने बुझाई कारोबारियों की उम्मीदें:नुकसान से व्यापारियों पर संकट; आग बुझाने में पुलिस-दमकलकर्मियों ने जोखिम में डाली जान जयपुर में सेठी कॉम्पलेक्स में लगी भीषण आग ने कई व्यापारियों की आगामी दिवाली की तैयारियों को राख कर दिया। व्यापारियों ने दिवाली के सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद में लाखों रुपए का माल जमा कर लिया था। उनकी आंखों के सामने वही माल आग की लपटों में जलता रहा। (पूरी खबर पढ़ें)
जयपुर में 3 मंजिला बिल्डिंग में आग, 25 दुकानें जलीं:धुएं का गुबार छाया, साढ़े 7 घंटे में पाया काबू; अंदर रखे थे 5 सिलेंडर जयपुर में त्रिपोलिया बाजार के मणिहारों का कटला में 3 मंजिला सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर चूड़ियों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। धीरे-धीरे 25 दुकानें आग की चपेट में आ गईं। (पूरी खबर पढ़ें)