जयपुर के क्लब से डेटिंग स्कैम चलाकर बढ़ा-चढ़ाकर बिल वसूली का मामला सामने आया है। टेलीग्राम पर लड़की के जरिए कस्टमर फंसाकर मिलने के बहाने क्लब बुलाकर स्कैम किया जाता है। मानसरोवर थाने में पीड़ित की ओर से क्लब संचालक के खिलाफ FIR दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने बताया- महेश नगर के रहने वाले 28 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। डेटिंग ऐप-टेलीग्राम के जरिए उसका एक लड़की से कॉन्टैक्ट हुआ था। बातचीत के दौरान डेटिंग के लिए मानसरोवर स्थित एक क्लब में मिलने बुलाया। आरोप है कि डेटिंग के दौरान कुछ देर लड़की साथ रही। उसके बाद बाशरुम का बहाना बनाकर गायब हो गई। क्लब संचालक की ओर से मनमानी तरीके से झूठा और एक्सग्रेटेड बिल (बढ़ा-चढ़ाकर) 23 हजार 473 रुपए का दिया गया। विरोध करने पर क्लब संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर डरा-धमकाकर बिल पेमेंट का दबाव बनाया। स्कैम का चल गया था पता क्लब संचालक और लड़की की हरकतों को देखकर उसे स्कैम का समझ आ गया था। क्लब एंट्री में लड़की का नाम ही नहीं लिखा गया था। आरोप है कि क्लब की ओर से लम्बे समय से डेटिंग स्कैम चलाया जा रहा है। क्लब और सहयोगियों की ओर से लड़कियों का हायर किया जाता है। डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया के जरिए लड़कों को क्लब में बुलाकर मनमानी वसूली की जाती है। मना करने पर मारपीट व सेक्सूवल हेरसमेंट किया जाता है। इनकी ओर से पहले भी क्लब का नाम और जगह बदलकर स्कैम चलाया जा रहा था। हेड कॉन्स्टेबल मुरारी लाल का कहना है- पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बयान दर्ज करने के बाद मौका-नक्शा व CCTV फुटेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।