जयपुर में बदमाश स्कूटी पर बैठी महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर भाग गया। महिला मार्केट में पति के साथ खरीददारी करने गई थी। वह एक दुकान के सामने स्कूटी पर बैठी थी, तभी पीछे से बदमाश ने आकर महिला के गले में झपट्टा मार लिया और चेन तोड़कर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बजाज नगर थाना पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है। घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है। हेड कॉन्स्टेबल मोहन सिंह ने बताया कि सांगानेर के रहने वाले रवि जैन (40) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी पत्नी मोना जैन के साथ दुर्गापुरा मार्केट आया था। रवि मेडिकल शॉप पर दवाई लेने चला गया, इस दौरान उनकी पत्नी मौना स्कूटी पर बैठकर पति का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश कुछ दूरी पर आकर रुके। पैदल आए बदमाश ने स्कूटी पर बैठी मोना के गले पर पीछे से झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। चेन स्नेचिंग के दौरान मोना स्कूटी से नीचे गिरते-गिरते बची। शोर मचाने पर लोगों के पीछे करने पर बदमाश तेजी से अपने बाइक सवार साथी के साथ बैठकर फरार हो गया। बजाज नगर थाना पुलिस ने चेन स्नेचिंग की सूचना पर नाकाबंदी करवाई, लेकिन बाइक सवार लुटेरों का सुराग नहीं लगा। वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज में बदमाश की करतूत कैद मिली। पुलिस फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।