जयपुर मेयर चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की तस्वीर अब साफ हो गई है। नाम वापसी के आखिरी समय निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। अब दशरथ और सुनीता मेठी के चुनावी मैदान से हटने के बाद कांग्रेस की सुनीता मावर और भाजपा के सुनील कोठारी के बीच मुकाबला होगा। मेयर निर्वाचन के लिए 25 सितंबर को वोटिंग करवाई जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया- जयपुर नगर निगम मेयर के लिए वोटिंग 25 सितंबर सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक करवाई जाएगी। वोटिंग होने के तुरंत बाद ही वोटों की काउंटिंग शुरू करवाई जाएगी और रिजल्ट घोषित किया जाएगा। सुनीता और दशरत को कांग्रेस की तरफ से बनाया था डमी कैंडिडेट आपको बता दें कि सुनीता मेठी और दशरथ अटल दोनों ने स्वयं को कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय के तौर नामांकन पत्र भरा था। जांच में दोनों के नामांकन पत्र सही पाए गए थे, लेकिन दोनों को ही कांग्रेस की तरफ से डमी कैंडिडेट बनाया गया था। लेकिन नाम वापसी के आखिरी दिन दोनों ने नाम वापस ले लिया। 26 सितंबर को होगा डिप्टी मेयर का चुनाव निर्वाचन आयोग की तरफ से तय शेड्यूल के मुताबिक, मेयर की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन यानी 26 सितंबर को डिप्टी मेयर के निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। एक ही दिन में ही नामांकन पत्र भरने, जांच करने, नाम वापसी और वोटिंग, काउंटिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सुबह 10 बजे नोटिफिकेशन जारी करने के बाद शाम 5 बजे तक वोटिंग करवा दी जाएगी। वोटिंग के तुरंत बाद मतगणना करके रिजल्ट जारी किया जाएगा।