जयपुर नगर निगम के नए मेयर सुनील कोठारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को निगम मुख्यालय में बैठक ली। तीन घंटे से ज्यादा चली मैराथन बैठक में मेयर ने राजस्व, कार्मिक, स्वास्थ्य, उद्यान, प्रोजेक्ट, गैराज और विधि सहित 15 से ज्यादा शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न शाखाओं की प्रगति और कामकाज की स्थिति पर चर्चा की गई। मेयर ने अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए इसे रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ पीपीटी के जरिए विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को समझा और लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए। मेयर ने अधिकारियों को ‘एक सोच-एक डोर’ के मंत्र के साथ टीम भावना से काम करने और जयपुर शहर की तस्वीर बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का समाधान और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना निगम की जिम्मेदारी है। चारदीवारी और हेरिटेज से समझौता नहीं, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के निर्देश बैठक में मेयर सुनील कोठारी ने जोन उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जयपुर की चारदीवारी और हेरिटेज की पहचान से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी नियमों के अनुसार काम करें और शहर में अवैध निर्माणों को रोकने के साथ अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाएं। जनसरोकार से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और शाखाओं में लंबित मामलों का तय समय में निस्तारण किया जाए। पुरोहित जी कटले में आग की घटना पर चर्चा, संसाधनों की उपयोगिता पर उठाए सवाल बैठक में पुरोहित जी कटले में लगी आग की घटना के कारणों पर भी चर्चा हुई। मेयर ने कहा कि यदि उपकरण और संसाधन जरूरत के समय काम नहीं आते हैं, तो उनकी उपयोगिता क्या है। उन्होंने इस संबंध में कमियों का विश्लेषण करने और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया। बैठक में अवैध मीट-मांस की दुकानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा और निराश्रित पशुओं की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। सफाई व्यवस्था सुधारने पर जोर, फील्ड में उतरकर मॉनिटरिंग करेंगे अधिकारी मेयर ने सफाई व्यवस्था से जुड़े सभी बिंदुओं की जानकारी ली और अधिकारियों से कहा कि जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘एक सोच-एक डोर’ के साथ टीम के रूप में काम करने और शहर की बेहतरी के लिए संकल्प लेकर कार्य करने की अपील की। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और कार्यों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और कार्यों की गुणवत्ता के साथ उनकी प्रगति भी सुनिश्चित करें। बैठक में डिप्टी मेयर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, चीफ इंजीनियर अनिल सिंघल सहित विभिन्न जोन के उपायुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।