जयपुर नगर निगम में मेयर के बाद अब डिप्टी मेयर की कुर्सी के लिए भाजपा के भीतर संभावित नामों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मेयर पद के लिए परकोटे के वार्ड 112 से सुनील कोठारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब पार्टी की नजर जयपुर परकोटे से बाहर के चेहरे पर है। इसके पीछे एक बड़ा कारण क्षेत्रीय संतुलन के साथ सामाजिक समीकरण को साधना भी माना जा रहा है। भाजपा के भीतर मूल ओबीसी, ब्राह्मण और राजपूत समाज से संभावित चेहरों पर मंथन चल रहा है। सुनील कोठारी के परकोटे से होने के कारण जयपुर परकोटे से बाहर का चेहरा लाने की चर्चा को लेकर कई नाम सामने आए हैं। फिलहाल डिप्टी मेयर की दौड़ में राजेंद्र सैनी, ब्रह्म कुमार सैनी, शंकर यादव, शैलेंद्र भार्गव, भवानी सिंह राजावत और प्रतिभा शर्मा जैसे नाम चर्चा में हैं। ऐसे में मेयर के बाद अब डिप्टी मेयर के चेहरे को लेकर भाजपा में सामाजिक, क्षेत्रीय और संगठनात्मक समीकरणों का पूरा हिसाब लगाया जा रहा है। राजेंद्र सैनी: पत्नी के बाद अब पति के नाम की चर्चा विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 12 से भाजपा पार्षद राजेंद्र सैनी का नाम भी डिप्टी मेयर पद के लिए तेजी से चर्चा में है। राजेंद्र सैनी मूल ओबीसी वर्ग से आते हैं। इससे पहले उनकी पत्नी रश्मि सैनी भी पार्षद रह चुकी हैं। भाजपा की ओर से जारी प्रत्याशी सूची में वार्ड 12 से राजेंद्र सैनी को उम्मीदवार बनाया गया था। पार्टी के भीतर उनके नाम पर चर्चा की एक वजह यह भी मानी जा रही है कि मेयर पद पर परकोटे से चेहरा आने के बाद आउटर क्षेत्र को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। साथ ही मूल ओबीसी चेहरे के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के स्तर पर होना है। ब्रह्म कुमार सैनी: संगठन के पुराने चेहरे पर भी नजर मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 81 से भाजपा पार्षद ब्रह्म कुमार सैनी का नाम भी डिप्टी मेयर पद के लिए चर्चा में है। पार्टी में लंबे समय से सक्रिय रहने और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालने के कारण उनके नाम पर भी मंथन की बात सामने आ रही है। मूल ओबीसी चेहरे के तौर पर उनका नाम सामाजिक समीकरण के लिहाज से चर्चा में है। शंकर यादव: यादव समाज को प्रतिनिधित्व देने की कवायद वार्ड 27 से भाजपा पार्षद शंकर लाल यादव भी डिप्टी मेयर पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं। भाजपा के भीतर यादव समाज को प्रतिनिधित्व देने के लिहाज से उनके नाम पर भी चर्चा है। संगठन में ग्रामीण उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके शंकर यादव का नाम पार्टी के सामाजिक संतुलन वाले फॉर्मूले में फिट बैठाने की कोशिश की जा रही है। शैलेंद्र भार्गव: संगठन अनुभव के साथ ब्राह्मण चेहरा वार्ड 43 से भाजपा पार्षद शैलेंद्र भार्गव का नाम भी डिप्टी मेयर पद के लिए चर्चा में है। भार्गव भाजपा संगठन में कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और जयपुर शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर संगठनात्मक अनुभव वाले ब्राह्मण चेहरे के तौर पर उनके नाम पर भी विचार की बात सामने आई है। भवानी सिंह राजावत: वरिष्ठता और संगठन का अनुभव वार्ड 89 से भाजपा पार्षद भवानी सिंह राजावत का नाम भी इस पूरी कवायद में प्रमुखता से सामने आया है। वे इससे पहले नगर निगम में चेयरमैन रह चुके हैं और इस बार वार्ड 89 से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर आए हैं। भवानी सिंह राजावत का नाम इसलिए भी चर्चा में रहा है, क्योंकि वे वरिष्ठ पार्षद होने के साथ संगठन में भी सक्रिय रहे हैं। वहीं बीजेपी यूजीसी विवाद पर राजपूत समाज की नाराजगी को कम करने के लिए भी भवानी को मौका दे सकती है। प्रतिभा शर्मा: महिला चेहरे के फॉर्मूले पर दांव वार्ड 87 से भाजपा पार्षद प्रतिभा शर्मा का नाम भी डिप्टी मेयर पद की चर्चा में है। बीजेपी के भीतर महिला चेहरे को डिप्टी मेयर बनाने की संभावना पर भी चर्चा की बात सामने आ रही है। ऐसे में प्रतिभा शर्मा का नाम इस फॉर्मूले के तहत चर्चा में है। अब नजर BJP के अंतिम फैसले पर जयपुर नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। मेयर पद के लिए सुनील कोठारी का नाम भाजपा पहले ही तय कर चुकी है और 25 सितंबर को महापौर का चुनाव होना है, जबकि उपमहापौर का चुनाव 26 सितंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर फैसला अब भाजपा के लिए केवल एक पद भर का चुनाव नहीं रह गया है। परकोटे बनाम आउटर जयपुर, मूल ओबीसी, यादव, ब्राह्मण और राजपूत समाज के प्रतिनिधित्व में बीजेपी के भीतर चर्चा में रखा जा रहा है। अंतिम मुहर किस नाम पर लगेगी, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।