जयपुर के नाहरगढ़ थाने में तैनात एसआई को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार दोपहर 2:30 बजे रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी गिरधारी लाल ने परिवादी से उसके खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे में मदद करने और जब्त मोबाइल वापस करने की एवज में 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के अनुसार- आरोपी 5 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। परिवादी के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद परिवादी को अपने जब्त सामान और मोबाइल वापस लेने थे। आरोप है कि इसी दौरान एसआई गिरधारी लाल ने मुकदमे में राहत देने और जब्त मोबाइल छोड़ने के बदले रिश्वत मांगी। एसीबी में की शिकायत, सत्यापन के बाद ट्रैप सीआई एसीबी रघुवीर शरण शर्मा ने बताया- परिवादी ने एसआई द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी मुख्यालय में की। शिकायत में बताया गया कि मुकदमे के दौरान पुलिस ने उसके दो मोबाइल और पर्स जब्त किए थे। जेल से रिहा होने के बाद उससे कहा गया कि सामान वापस लेने के लिए पैसे लेकर आए। इसके बाद परिवादी ने एसीबी से संपर्क किया। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। 25 हजार मांगे, 5 हजार पहले लेने का आरोप एसीबी के अनुसार- आरोपी ने परिवादी से कुल 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 5 हजार रुपए पहले लिए जाने की बात सामने आई है। शेष रकम में से 10 हजार रुपए लेते हुए एसआई को ट्रैप किया गया। कार्रवाई के बाद एसीबी आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई कर रही है।