जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर अवैध निर्माणों के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की कार्रवाई आज से शुरू होगी। जेडीए का प्रवर्तन दस्ता मौके पर पहुंचकर सड़क सीमा में आ रहे चिह्नित अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई करेगा। कोर्ट के आदेश के बाद जेडीए ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। प्राधिकरण को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा से पहले अवैध निर्माण हटाकर रिपोर्ट तैयार करने की कवायद की जा रही है। वहीं, कार्रवाई के बीच स्थानीय व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही पुराने निर्माण हटाने और दुकानें खाली करने की शुरुआत कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। उनका आरोप है कि इस कार्रवाई से दुकानों और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है। कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश करने से पहले कार्रवाई न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कोर्ट के निर्देशों की पालना के लिए जेडीए अब चिह्नित निर्माणों को हटाने की तैयारी में है। प्रवर्तन दस्ते की कार्रवाई में आने वाले निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने पर फोकस रहेगा। 6 अक्टूबर को कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश करनी है, इसलिए जेडीए के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्रवाई से पहले व्यापारी खुद हटाने लगे निर्माण, दुकानें कर रहे खाली जेडीए की कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र के कई व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही पुराने निर्माण हटाने और दुकानों को खाली करना शुरू कर दिया है। व्यापारियों को आशंका है कि कार्रवाई के दौरान उनकी दुकानों और सामान को नुकसान हो सकता है। ऐसे में वे पहले से ही अपना सामान सुरक्षित करने और निर्माण हटाने में जुटे हैं। दूसरी ओर, व्यापारियों का विरोध भी लगातार जारी है। उनका कहना है कि त्योहार के मौके पर कार्रवाई करने से कारोबार प्रभावित होगा। व्यापारियों ने मांग की है कि सरकार और प्रशासन को कम से कम त्योहार के समय राहत देनी चाहिए थी। सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत बड़ी संख्या में दुकानों और अन्य निर्माणों के प्रभावित होने की आशंका है। इसी को लेकर स्थानीय व्यापारी लगातार विरोध कर रहे हैं। अब जेडीए का प्रवर्तन दस्ता मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू करेगा। ऐसे में क्षेत्र में विरोध और कार्रवाई के दौरान स्थिति पर सभी की नजर रहेगी। जेडीए की प्राथमिकता कोर्ट के निर्देशों की पालना करते हुए समय पर रिपोर्ट पेश करना है, जबकि व्यापारी अपने कारोबार और निर्माणों को बचाने की कोशिश में जुटे हैं। यह सड़क 100 फीट है, लेकिन काफी जगह सड़क को 60 फीट और 40 फीट तक भी किया गया है कोर्ट के आदेश के बाद इस पूरी सड़क को 100 फीट करने की तैयारी की जा रही है 3 किलोमीटर से लंबी सड़क सीमा में तकरीबन 260 निर्माण आ रहे हैं। जिन्हें हटाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण की टीम द्वारा नोटिस भी दिए जा चुके हैं।