जयपुर में मनचले युवक ने युवती से जबरन बात कर दोस्ती करने का दबाव बनाया। युवती ने मना किया तो उसकी फोटो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि युवक लगातार युवती को परेशान कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद जयपुर की महिला पेट्रोलिंग कालिका पुलिस टीम ने आरोपी मनचले युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। कॉल-मैसेज कर दोस्ती करने का बनाया दबाव जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि महिला पेट्रोलिंग कालिका टीम को कॉल कर एक युवती ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि नितिन नाम का लड़का मुझे कॉल-मैसेज कर परेशान करता है। जबरन बात कर दोस्ती करने का दबाव बना रहा है। समझाने की कोशिश करने पर जोर-जोर से चिल्लाकर कहने लगा, अगर बात नहीं करेगी तो सबक सिखाऊंगा। मेरी फोटोज वायरल करने की धमकी देता है। कालिका टीम ने शिकायत पर तुंरत कार्रवाई करते हुए आरोपी मनचले युवक नितिन को धर-दबोचा। आरोपी युवक को अरेस्ट कर हवालात में बंद किया गया। महिलाएं अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन नंबर सेव करें डीसीपी अनुष्ठा कालिया का कहना है कि टूरिस्ट सीजन को देखते हुए पयर्टकों की सिक्योरिटी के लिए पर्यटनस्थलों के आस-पास कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की विशेष गश्त लगाई गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने वाली सभी लड़कियों/महिलाों को अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के 5 मोबाइल नंबर (8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093 और 8764866094) को निर्भया 1, 2, 3, 4 व 5 के नाम से अपने मोबाइल में सेव करने चाहिए। डीसीपी ने कहा कि किसी प्रकार की परेशानी सामने आने पर या विषम परिस्थितियां में तत्काल मदद के लिए इन मोबाइल नंबरों पर लिखित, मौखिक या ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भेजी जा सकती है। यह हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे काम करते हैं।