जयपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो गाड़ी से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। ब्लैक शीशे देखकर पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रुकवाने के लिए इशारा किया था। ओवर स्पीड में दौड़ाकर पुलिसकर्मी को घायल कर ड्राइवर गाड़ी को भगा ले गया। मानसरोवर थाने में स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर के आधार पर मामला दर्ज करवाया है। ब्लैक शीशे लगी स्कॉर्पियों ने मारी टक्कर हेड कॉन्स्टेबल घासीराम ने बताया- जयपुर ट्रैफिक पुलिस (साउथ) में तैनात ASI महेश कुमार (53) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना 8 सितंबर को सुबह करीब 10.15 बजे की है। घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे से ASI महेश और कॉन्स्टेबल बलदेव की ड्यूटी गंगा जुमना से लेकर वेस्टन हाईवे तक थी। दोनों पुलिसकर्मी बीट क्षेत्र में मौजूद ‘किसान धर्मकांटे’ पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 10.15 बजे एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी बदरवास की ओर से आई थी। गाड़ी के ब्लैक शीशे देख कॉन्स्टेबल ने उसे रोकने का इशारा किया। रुकने का इशारा करने पर गाड़ी भगा ले गया ड्राइवर कॉन्स्टेबल को रोकने का इशारा करते देख ड्राइवर ने स्कॉर्पियो की स्पीड बढ़ा दी। वह ओवर-स्पीड में गाड़ी दौड़ाते हुए कॉन्स्टेबल की तरफ आया। इस दौरान टक्कर लगने से कॉन्स्टेबल बलदेव रोड पर गिरकर घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके से स्कॉर्पियो को भगा ले गया। वहां मौजूद लोगों ने घायल कॉन्स्टेबल बलदेव को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया।कॉन्स्टेबल के शरीर पर काफी चोट आई, साथ ही वर्दी फट गई। शिकायत के बाद मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।