जयपुर के टोंक रोड एरिया में स्विस वॉच ब्रांड राडो के शोरूम से 4 करोड़ की 251 घड़ियां चोरी हो गई हैं। गुरुवार (1 अक्टूबर) को सुबह करीब 4.30 बजे हुई वारदात में 5 से ज्यादा बदमाश शामिल थे। शोरूम के सीसीटीवी में 2 बदमाश बैगों में घड़ियां भरते नजर आ रहे हैं। जबकि, तीन-चार बदमाश शोरूम की शटर के बाहर बैठे दिखे हैं। बजाज नगर थाना पुलिस ने बताया कि बदमाश लोहे की रॉड से शटर तोड़कर अंदर घुसे थे। करीब 36 मिनट में उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले देखिए- चोरी की PHOTOS 3 पॉइंट में समझिए वारदात को कैसे अंजाम दिया गया सबसे पहले शोरूम की सीढ़ियों पर आकर बैठे: जानकारी के अनुसार 5-7 बदमाश सुबह करीब 4.30 बजे राडो स्विट्जरलैंड शोरूम के बाहर पहुंचे थे। वे सभी बंद शोरूम के बाहर सीढ़ियों पर बैठ गए। फिर उन्होंने बैठे-बैठे ही लोहे की दो रॉड से शटर तोड़ दी। इसके बाद दो बदमाश शोरूम के अंदर घुस गए। जबकि, बाकी लोग बाहर ही निगरानी करते रहे। 5 बैग में भरी घड़ियां: पुलिस ने बताया कि बदमाश सुबह करीब 4.36 मिनट पर शोरूम में घुसे थे। वे 5 बैग में घड़ियां भरकर करीब 5.12 मिनट पर शोरूम से बाहर निकले। चोरी हुई कुल घड़ियों की संख्या 251 बताई गई है। रिकॉर्डिंग सिस्टम को समझ म्यूजिक सिस्टम उठाया: बदमाशों को सीसीटीवी लगे होने का पता था l इस कारण वो DVR की तलाश करते रहे। शोरूम में लगे म्यूजिक सिस्टम को DVR समझ कर निकाल ले गए। फिर शोरूम के गेट तक पहुंचने पर समझ आने पर म्यूजिक सिस्टम को वहीं छोड़कर चले गए।