जयपुर रेलवे स्टेशन के मेन एंट्री गेट पर सिंगल एंट्री-एग्जिट व्यवस्था और आरपीएफ-कमर्शियल स्टाफ की नियमित चेकिंग से स्टेशन पर यात्री सामान चोरी के मामलों में कमी आई है। वहीं, रेलवे ने दावा किया कि बिना टिकट यात्रा पर रोक के चलते अनरिजर्व्ड यानी जनरल टिकटों की बिक्री भी बढ़ी है। जयपुर मंडल के डीसीएम जगदीश चौधरी ने बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार पर आरपीएफ और कमर्शियल स्टाफ की तैनाती की गई है। एंट्री के दौरान संदिग्ध लोगों की नियमित चेकिंग की जा रही है। इससे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है और बिना टिकट यात्रा पर भी रोक लगी है। दो साल में चोरी के मामले 127 से घटकर 78 हुए रेलवे ने दावा किया कि साल 2024 में जयपुर स्टेशन पर यात्री सामान चोरी के 127 मामले दर्ज हुए थे। साल 2025 में यह संख्या घटकर 109 रह गई, यानी 14% की कमी आई। साल 2026 में सितंबर तक 78 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से आरपीएफ ने 15 मामलों का खुलासा किया है। जुलाई के मुकाबले अगस्त में 7.67% ज्यादा जनरल टिकट बिके जुलाई 2026 में स्टेशन से 10 लाख 8 हजार 50 जनरल टिकट बिके थे। अगस्त में यह संख्या बढ़कर 10 लाख 85 हजार 442 हो गई। यानी जुलाई के मुकाबले अगस्त में 7.67% ज्यादा टिकट बिके। सितंबर में 10 लाख 31 हजार 98 टिकट बिके, जो जुलाई के मुकाबले 2.28% ज्यादा हैं। टिकटों से होने वाली कमाई भी बढ़ी डीसीएम जगदीश चौधरी ने बताया -जनरल टिकटों से जुलाई में 13.01 करोड़ रुपए की आय हुई थी, जो अगस्त में बढ़कर 13.96 करोड़ रुपए हो गई। यानी आय में 7.25% की बढ़ोतरी हुई। स्टेशन पर टिकट मशीन और टिकट काउंटर के जरिए होने वाली बिक्री से भी आय बढ़ी। टिकट मशीन से आय जुलाई के 5.84 करोड़ रुपए से बढ़कर अगस्त में 6.29 करोड़ रुपए और टिकट काउंटर से आय 86.65 लाख से बढ़कर 93.24 लाख रुपए हो गई।