जयपुर में बेकाबू रोडवेज बस ने दो कार, स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बेटे के साथ जा रही महिला की मौत हो गई। बेटे को भी चोट आई है। वहीं स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सीकर रोड पर खेतान चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने बस ड्राइवर राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर को हिरासत में लिया है। इस बस पर ट्रैफिक नियम के 13 चालान पेंडिंग हैं। अब देखिए, हादसे के CCTV फुटेज… कार को पीछे से मारी टक्कर खेतान चौराहे के पास कट पर कुछ वाहन खड़े थे। इसी दौरान श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही रोडवेज बस ने आगे चल रही नीली कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ड्राइवर कंट्रोल नहीं रख पाया और पास खड़ी बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक पर तुलसी देवी (49) बेटे के साथ थीं। दोनों सड़क पर गिर गए। तुलसी देवी के ऊपर से कार का पहिया निकल गया। वे गंभीर घायल हो गईं। बेटे को भी चोटें आईं। बस के अगले पहिए के नीचे फंसी स्कूटी बस ने स्कूटी और एक अन्य कार को भी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के अगले पहिए के नीचे फंस गई। स्कूटी सवार महेश चौधरी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें गंभीर चोटें भी आई हैं। हादसे के बाद आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े। लोगों ने तुलसी देवी, उनके बेटे और महेश चौधरी को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी ने हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। ड्राइवर बोला- ब्रेक नहीं लगने से हादसा मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया- प्रारंभिक पूछताछ में बस ड्राइवर राकेश कुमार ने बताया कि ब्रेक नहीं लगने के कारण बस उसके नियंत्रण से बाहर हो गई थी। उसने ब्रेक के नीचे कोई वस्तु आ जाने की बात कही है। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पड़ताल की जा रही है। बस के 13 चालान पेंडिंग जिस बस से हादसा हुआ, उसके खिलाफ ट्रैफिक नियम के 13 चालान पेंडिंग हैं। इन मामलों में 92 हजार रुपए का जुर्माना लगा है। इनमें शाहजहांपुर टोल से बिना परमिट निकलने पर 7 चालान शामिल हैं। ये चालान जनवरी में काटे गए थे। सभी चालानों का 10-10 हजार जुर्माना लगाया गया था। इनके अलावा ओवर स्पीड के 3 और प्रदूषण प्रमाण पत्र व नो पार्किंग के 3 चालान काटे गए थे।