उदयपुर जिला परिषद के सभी 47 वार्डों में नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी मैदान की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। इन सभी पर मिलाकर सीटों पर कुल 126 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें भाजपा और कांग्रेस के 47-47 उम्मीदवारों के अलावा भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के 20, निर्दलीय 4, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के 3, माकपा (CPM) के 3 और आम आदमी पार्टी (AAP) के 2 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बार 21 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है, जबकि 26 वार्डों में त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबला बन गया है। इस चुनाव में कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। वार्ड 43 में पूर्व विधायक दलीचंद डांगी का मुकाबला वर्तमान कांग्रेस विधायक पुष्कर डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी से है। अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने के लिए विधायक पुष्कर डांगी के सामने यह बड़ा टास्क है और यह चुनाव उनके बेटे के राजनीतिक करियर के लिए बेहद अहम है। वहीं वार्ड 37 में वल्लभनगर से विधायक प्रत्याशी रहे भाजपा के हिम्मत सिंह झाला के सामने कांग्रेस के देवीलाल जाट हैं। जाट पेशे से वकील हैं और उनकी पत्नी भी पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। वार्ड 2 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लालसिंह झाला के सामने भाजपा के भोपाल सिंह देवड़ा हैं। वार्ड 32 में कांग्रेस के राजसिंह झाला का मुकाबला श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष अर्जुनसिंह चुंडावत से है। वार्ड 7 में पूर्व प्रधान रहे भाजपा के मुरारी लाल बुंबरिया के सामने कांग्रेस के रिटायर्ड टीचर बाबूलाल बुंबरिया हैं। वार्ड 40 में भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्तसिंह चौहान के सामने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले अनुभवी नेता गणेशलाल जाट हैं। वहीं वार्ड 31 में ऐन मौके पर टिकट में बाजी मारने वाले भाजपा के अनिल जारोली का मुकाबला अरविंद सिंह पाटिया से है। तीन चरणों में होगा मतदान जिला परिषद की इन 47 सीटों पर तीन चरणों में वोट पड़ेंगे। पहले चरण में 22 अक्टूबर को वार्ड 9, 12 से 16 और वार्ड 25 से 43 तक कुल 25 वार्डों में मतदान होगा। दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को वार्ड 1 से 8, 10, 11 और वार्ड 44 से 47 तक कुल 14 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में 3 नवंबर को नयागांव, खेरवाड़ा और ऋषभदेव क्षेत्र के वार्ड 17 से 24 तक कुल 8 वार्डों में मतदान होगा। एक ही गांव के प्रत्याशी आमने-सामने कई वार्डों में एक ही गांव के उम्मीदवार आपस में भिड़ रहे हैं। वार्ड 6 में कोटड़ा के देवला गांव के छोटूलाल गरासिया और नारायण लाल आमने-सामने हैं। वार्ड 7 में मांडवा के मुरारी लाल और बाबूलाल, वार्ड 15 में झाड़ोल के सेलाना गांव के लक्ष्मीलाल और उदयलाल डामोर, वार्ड 16 में मादला की माला देवी और मगु देवी, वार्ड 17 में भाटड़िया की कोमल कुमारी और आशा डामोर, वार्ड 24 में सागवाड़ा की सीता मीणा और सोनिया मीणा तथा वार्ड 36 में बाठरड़ा कलां की पारस कंवर और चन्दन कुंवर में गांव की जंग है। 21 वार्डों में सीधी फाइट, 6 सीटों पर चतुष्कोणीय संग्राम वार्ड 2, 4, 6, 7, 10, 11, 14, 20, 28, 29, 30, 32, 33, 34, 36, 38, 39, 41, 42 और 45 में कोई तीसरा उम्मीदवार नहीं होने से भाजपा-कांग्रेस में सीधी लड़ाई है। वहीं वार्ड 1, 12, 21, 31, 35 और 40 में चार-चार प्रत्याशी होने से मुकाबला चतुष्कोणीय है। हॉट सीटों पर बागियों और बीएपी का तड़का दिग्गजों की हॉट सीटों पर निर्दलीय और तीसरी पार्टियों ने समीकरण रोचक बना दिए हैं। वार्ड 43 में निर्दलीय रणजीत आचार्य, वार्ड 37 में निर्दलीय रामेश्वर लाल गुर्जर और वार्ड 40 में रालोपा से नारायण लाल जाट मैदान में डटे हैं। वहीं बीएपी ने एसटी सीटों के साथ अनारक्षित सीटों पर भी दांव खेलते हुए वार्ड 31 (अनारक्षित ओपन) से रमण मेघवाल और वार्ड 47 (अनारक्षित महिला) से लक्ष्मी कुमारी गमेती को उतारकर दोनों बड़ी पार्टियों की चिंता बढ़ा दी है। उदयपुर जिला परिषद: सभी 47 वार्डों के प्रत्याशियों की पूरी सूची उदयपुर पंचायतीराज चुनाव की ये खबरें भी पढ़ें… उदयपुर में EX-MLA के सामने MLA का बेटा मैदान में:वल्लभनगर से हिम्मतसिंह झाला के सामने देवीलाल जाट; राजसिंह का करणी सेना अध्यक्ष से मुकाबला विधायक का चुनाव लड़े झाला, कटारा ने भी भरा पर्चा:पूर्व MLA दलीचंद, विधायक का बेटा मैदान में; जिला परिषद के 111, पंचायत समिति के 272 प्रत्याशियों के नामांकन उदयपुर में जिला परिषद के लिए कांग्रेस की लिस्ट जारी:MLA का बेटा भी मैदान में, उदयलाल आंजना के करीबी को मिला टिकट; पढ़िए पूरी सूची उदयपुर में जिला-परिषद सदस्यों के लिए भाजपा की सूची जारी:पूर्व विधायक-MLA प्रत्याशी भी मैदान में; MLA की बेटी ने भी पर्चा भरा; पूर्व जिलाध्यक्ष का टिकट कटा जिला परिषद के 48, पंचायत समिति के 292 नामांकन दाखिल:कांग्रेस से लालसिंह-राजसिंह झाला, भाजपा से चंद्रगुप्त सिंह का पर्चा दाखिल