जयपुर में गौशालाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर 9 अक्टूबर को सांगानेर में ‘गौ अधिकार हुंकार रैली’ होगी। राजस्थान गौ सेवा समिति के बैनर तले टोंक रोड स्थित श्री पिंजरोपाल गौशाला में होने वाली रैली में प्रदेशभर की गौशालाओं के प्रतिनिधि, संत-महात्मा, गोभक्त और गोसेवक शामिल होंगे। रैली की तैयारियों के तहत बुधवार को आयोजन स्थल पर भूमि पूजन किया गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष महंत गोविन्दराम शास्त्री ने बताया- यह महासभा राजस्थान की सभी गौशालाओं में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए है। इसमें पूरे प्रदेशभर से 4500 गौशालाओं को बुलाया गया है। प्रत्येक गौशाला से 10 से 20 प्रतिनिधि रैली में शामिल होंगे। 50 हजार की लोगों के साथ लगभग 500 संत-महात्मा भी आएंगे। साथ ही द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद महाराज भी शामिल होंगे। सहायता राशि 9 से बढ़ाकर 12 महीने की जाए समिति के प्रदेश महामंत्री सीए बीपी क्याल ने बताया- गौशालाओं की आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं के साथ गोवंश संरक्षण से जुड़े मुद्दे सरकार के सामने रखे जाएंगे। समिति की सबसे प्रमुख मांग गौशालाओं को मिलने वाली सहायता राशि को वर्तमान 9 महीने से बढ़ाकर पूरे 12 महीने करने और राशि का समय पर भुगतान करने की है। चारा खरीदने के लिए समय पर मिले राशि बीपी क्याल ने बताया- चारे की कीमत बढ़ने से गौशालाओं पर आर्थिक भार बढ़ा है। ऐसे में सहायता राशि 12 महीने मिलने के साथ उसका समय पर भुगतान भी जरूरी है, ताकि गौशालाएं स्थानीय स्तर पर समय पर चारा खरीद सकें।