रविवार की सुबह बॉम्बे हॉस्पिटल के बाहर का नजारा सामान्य अलग था। हाथों में रनिंग बिब, चेहरे पर उत्साह और म्यूजिक की धुन पर थिरकते कदमों के साथ हजारों लोग एक खास उद्देश्य के लिए जुटे। इंपैक्ट बियॉन्ड बॉर्डर्स फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्पेक्टा रन फॉर ह्यूमैनिटी-10 में शहरवासियों ने फिटनेस के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। बॉम्बे हॉस्पिटल से शुरू हुई इस रन में युवाओं के साथ परिवार, बच्चे और बुजुर्ग भी उत्साह से शामिल हुए। रन शुरू होने से पहले प्रतिभागियों ने सामूहिक जुम्बा किया। संगीत की धुन पर प्रतिभागियों ने जमकर उत्साह दिखाया और इसके बाद अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ शुरू हुई। आयोजन में 3, 5 और 10 किलोमीटर की रन रखी गई थी। 3 किलोमीटर की फन रन में बड़ी संख्या में परिवारों और नए रनर्स ने हिस्सा लिया, जबकि 5 और 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन में प्रतिभागियों ने अपनी रफ्तार और फिटनेस का प्रदर्शन किया। फिटनेस के साथ बच्चों की शिक्षा का संदेश रन फॉर ह्यूमैनिटी के 10वें संस्करण में प्रतिभागियों ने दौड़ के जरिए यह संदेश दिया कि फिटनेस के लिए उठाया गया कदम किसी जरूरतमंद बच्चे के भविष्य को बेहतर बनाने में भी योगदान दे सकता है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की मुहिम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना रहा। रन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई प्रतिभागी पूरे परिवार के साथ पहुंचे तो युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ पूरी करने के बाद विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रन को अतिथियों ने फ्लैग ऑफ किया। इसके बाद प्रतिभागी निर्धारित मार्गों पर दौड़ते हुए आगे बढ़े। आयोजन में इंपैक्ट बियॉन्ड बॉर्डर्स फाउंडेशन से जुड़े बच्चों ने भी फन रन में हिस्सा लिया। उनकी भागीदारी ने आयोजन के सामाजिक उद्देश्य को और खास बना दिया और उन्होंने अपनी मौजूदगी से प्रतिभागियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। ‘एक उद्देश्य के लिए हजारों लोगों का साथ आना उपलब्धि’ आयोजक अंकित जैन ने कहा- सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों का एक उद्देश्य के लिए एक साथ आना इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। डॉ. वृजेश शाह ने कहा- जुम्बा से लेकर रन के अंतिम पड़ाव तक प्रतिभागियों में ऊर्जा बनी रही। फिटनेस के साथ सामाजिक उद्देश्य को जोड़ना इस आयोजन की खासियत रही। बॉम्बे हॉस्पिटल के अभिषेक चौधरी ने कहा कि हजारों लोगों की भागीदारी ने दिखाया कि शहर के लोग सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश यूईएम के वाइस चांसलर डॉ. बिस्वजॉय चटर्जी ने कहा- यूईएम के स्टूडेंट्स और फैकल्टी की भागीदारी से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश गया। जेके मसाले की ओर से विकाश जैन ने कहा- बच्चों की शिक्षा के लिए होने वाली इस पहल में सहयोग करना समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम है। वन साइंस न्यूट्रीशन की ओर से अनिकेत, पवन और दीपांशु ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक सरोकार को एक मंच पर लाने से लोगों को फिटनेस के साथ समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। आयोजक अप्लव सक्सेना ने कहा- इस बार भी लोगों ने जिस तरह उत्साह दिखाया, उससे रन फॉर ह्यूमैनिटी के सामाजिक उद्देश्य को मजबूती मिली है। 3 किलोमीटर की फन रन के जरिए परिवारों और नए रनर्स को भी आयोजन से जोड़ने की कोशिश की गई। इवेंट हेड डॉ. भार्गवी ने कहा- 5 और 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी सहित अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। ब्रांड एम्बेसडर विष्णु टांक ने कहा- सुबह एक साथ दौड़ते हुए लोगों को देखकर यह महसूस हुआ कि फिटनेस के साथ किसी बच्चे के भविष्य के लिए योगदान देने का विचार भी लोगों को जोड़ रहा है। ऐसी पहल समाज में सकारात्मक भागीदारी की भावना को मजबूत करती हैं।